सिंगर श्रेया घोषाल ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक सॉन्ग गाया है। हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय गायिकाओं की फेहरिस्त में उनका नाम टॉप पर शामिल रहता है। हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान श्रेया ने अपने एक कल्ट सॉन्ग के बारे में खुलकर बात की है, जिसे 23 साल पहले अभिनेत्री बिपाशा बसु पर फिल्माया गया था।
श्रेया घोषाल ने कहा है कि उस गीत को गाने के लिए वह फिट नहीं थीं, क्योंकि उस वक्त उनकी उम्र महज 18 साल थी। आइए जानते हैं कि यहां कौन से गाने के बारे में जिक्र किया जा रहा है।
इस गाने को लेकर असहज थीं श्रेया घोषाल
लता मंगेशकर के बाद श्रेया घोषाल को हिंदी सिनेमा की सुरों की कोकिला के तौर पर जाना जाता है। अपने सिंगिंग करियर में एक से एक शानदार गीत गाने वालीं श्रेया ने हाल ही में एबीपी नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में अपने एक सुपरहिट सॉन्ग को लेकर चर्चा की है, जिसको गाने में वह असहज महसूस कर रही थीं। सिंगर ने बताया है-फिल्म जिस्म के गीत जादू है नशा के लिए मुझे ऐसा लगता है कि मैं मिसफिट थी। बिपाशा बसु को आवाज देने के लिए मेरा चुनाव सटीक नहीं थी। लेकिन ये संगीतकार एम.एम कीरवानी की बोल्ड चॉइस थी, जो उन्होंने मुझे इस गीत के लिए चुना, वह इंटरनेशनल लेवल पर फेमस हैं। मैंने इसमें सेंसुअस होने की कोशिश की, क्योंकि यह मेरे लिए नैचुरली नहीं था। मुझे लगता है कि इसमें जवानी का रॉनेस होना चाहिए था। उस वक्त मैं महज 18 साल की थी। मैं सही से इसे डिलीवर नहीं कर सकी। सोचा था कि आशा भोंसले स्टाइल में इसे गाने की कोशिश की जाए, लेकिन फिर मैंने अपने तरीके से इसे गाया।
