दिल्ली की कथित शराब नीति मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फैसले का स्वागत किया है। दिल्ली की रोज एवेन्यू कोर्ट से कथित भ्रष्टाचार मामले में ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया। जिसके बाद सीएम मान ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट लिख फैसले को “सच की जीत” बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “सच की हमेशा जीत होती है। ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की माननीय अदालत द्वारा शराब घोटाले मामले में बरी कर दिया गया है। माननीय अदालत के इस फैसले ने सच्चाई को सबके सामने ला दिया है। समय के साथ बाकी सभी मामलों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी। इंकलाब ज़िंदाबाद।”
सभी 23 आरोपित आरोपामुक्त हुए
दरअसल, दिल्ली की रोज एवेन्यू कोर्ट ने कथित भ्रष्टाचार मामले में केजरीवाल और सिसोदिया समेत कुल 23 आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में जांच एजेंसी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (सीबीआई) की चार्जशीट में कई खामियों का उल्लेख किया और कहा कि आरोपों को ठोस साक्ष्यों का समर्थन नहीं मिला।
सीएम मान के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं और समर्थकों ने फैसले को न्याय की जीत बताया है। वहीं विपक्षी दलों ने मामले पर संयम बरतते हुए कहा है कि वे अदालत के आदेश का विस्तृत अध्ययन करेंगे।
