कढ़ी-चावल एक ऐसा ‘कम्फर्ट फूड’ है, जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। चाहे दोपहर का लंच हो या रात का डिनर, गरमा-गरम कढ़ी और नरम-नरम पकौड़ों का स्वाद हर किसी का दिल जीत लेता है। इसकी खट्टी-तीखी महक इतनी लाजवाब होती है कि पेट भरा होने पर भी भूख लगने लगती है।
अगर आप भी ढाबे जैसी या दादी-नानी के हाथों वाली कढ़ी पकौड़ा घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी।
कढ़ी पकौड़ा बनाने के लिए सामग्री
पकौड़े के लिए:
- बेसन: 1 कप
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- अजवाइन: चुटकी भर
- नमक और लाल मिर्च: स्वादानुसार
- तेल: पकौड़े तलने के लिए
कढ़ी के घोल के लिए:
- खट्टा दही (या छाछ): 1.5 कप
- बेसन: आधा कप
- हल्दी पाउडर: 1/2 चम्मच
- धनिया पाउडर: 1 चम्मच
- पानी: 4-5 कप
स्पेशल तड़के के लिए:
- देसी घी या तेल: 2 चम्मच
- राई और जीरा: 1/2 – 1/2 चम्मच
- मेथी दाना: 1/4 चम्मच (कढ़ी का असली स्वाद इसी से आता है)
- हींग: 2 चुटकी
- सूखी लाल मिर्च: 2-3
- कढ़ी पत्ता: 8-10 पत्ते
- कश्मीरी लाल मिर्च: रंग के लिए (ऑप्शनल)
कढ़ी पकौड़ा बनाने की विधि
- एक बर्तन में बेसन, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अजवाइन, नमक और लाल मिर्च डालें। थोड़ा-सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और चम्मच या हाथों की मदद से छोटे-छोटे पकौड़े सुनहरे होने तक तल लें। इन्हें एक प्लेट में निकाल कर रख लें।
- अब एक बड़े बर्तन में खट्टा दही और आधा कप बेसन लें। इन्हें अच्छी तरह फेंट लें ताकि इसमें कोई गांठ न रहे। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और 4 से 5 कप पानी डालकर एक पतला घोल बना लें।
- एक बड़ी कड़ाही में थोड़ा-सा तेल या घी गरम करें। इसमें मेथी दाना, जीरा और हींग डालें। अब दही-बेसन का तैयार घोल इसमें डाल दें। ध्यान रहे: जब तक कढ़ी में पहला उबाल न आ जाए, इसे लगातार चलाते रहें वरना दही फट सकता है। उबाल आने के बाद गैस धीमी कर दें और स्वादानुसार नमक डाल दें। कढ़ी को धीमी आंच पर 30-40 मिनट तक पकने दें। कढ़ी जितनी कढ़ेगी, स्वाद उतना ही निखर कर आएगा।
- जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और थोड़ी गाढ़ी हो जाए, तब इसमें पहले से तले हुए पकौड़े डाल दें। इसे 5 मिनट तक और उबलने दें ताकि पकौड़े कढ़ी को सोख कर एकदम नरम हो जाएं। गैस बंद कर दें।
- अब एक छोटे पैन में तड़के के लिए 2 चम्मच घी गरम करें। इसमें राई, सूखी लाल मिर्च, कढ़ी पत्ता और रंग के लिए थोड़ी-सी कश्मीरी लाल मिर्च डालें। इस तड़के को तुरंत तैयार कढ़ी के ऊपर डाल दें। तड़के की छन्न सी आवाज और उठती हुई खुशबू पूरे घर को महका देगी।
बस फिर, तैयार है स्वादिष्ट कढ़ी पकौड़ा। इसे ताजे हरे धनिये से सजाएं और गरमा-गरम चावल, रोटी या पराठे के साथ मजे से खाएं।
