मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना में 12.18 करोड़ रुपये से विकसित की गई गीता गोविंद वाटिका का लोकार्पण शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया।
उन्होंने फतेहपुर सीकरी की गुलिस्तां पार्किंग में सम्पर्क मार्ग, सुद्रढ़ीकरण के 84.47 लाख रुपये के कार्यों का भी लोकार्पण किया। यह दोनों काम एडीए और पर्यटन विभाग द्वारा कराए गए हैं। दोनों विभागों ने आधा-आधा पैसा दिया है।
गीता गोविंद वाटिका में कुरुक्षेत्र का युध्द का मैदान, पांडवों के शंख, गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण के स्कल्पचर लगाए गए हैं। एक एकड़ में तुलसी वाटिका विकसित की गई है और उसके औषधीय गुणों की जानकारी दी जा रही है।
यहां इसके साथ ही चेस बोर्ड, मंडप आदि बनाए गए हैं। यहां प्रतिदिन लेजर शो हुआ करेगा। ताजमहल से नजदीकी के चलते यह स्थान रात्रि पर्यटन आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
जोनल पार्क में 19 एकड़ भूमि में बनाई गई गीत गाेविंद वाटिका में दो एकड़ भूमि में मुक्ताकाशीय मंच बनाया गया है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन और धार्मिक आयोजन होंगे।
प्रतिदिन शाम को यहां श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित साउंड एंड लाइट शो फाउंटेन पर हुआ करेगा। भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेशों के शिलालेख लगवाए गए हैं।
