प्रेमिका की सिर काटकर हत्या करने के आरोपित प्रेमी की पुलिस ने दो दिन की रिमांड ली है। शनिवार को दिनभर पुलिस टीम ने झरना नाला व आसपास के क्षेत्र में युवती के सिर की तलाश की। नाले के पानी में सिर को खोजने के लिए गोताखोरों की मदद ली गई।
ड्रोन कैमरे से आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक युवती का सिर बरामद नहीं हुआ था। आरोपित सिर को झरना नाले में फेंकने की बात बार-बार पुलिसकर्मियों से कहता रहा।
जवाहर पुल पर 23 जनवरी की रात एक बजे बोरे में युवती का सिर विहीन शव मिला था। शिनाख्त टेढी बगिया स्थित पार्वती विहार निवासी मिंकी शर्मा के रूप में हुई थी। मिंकी शर्मा एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थीं।
संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा अपार्टमेंट स्थित कार्यालय में साथ काम करने वाले ट्रांस यमुना कालोनी फेस एक विनय राजपूत ने चाकू से सिर काटकर निर्मम हत्याकांड को अंजाम दिया था। दोनों के बीच में प्रेम संबंध थे। मिंकी का एक अन्य युवक के साथ घूमना व बात करना विनय को पसंद नहीं था, इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
एक सप्ताह बाद भी युवती का सिर बरामद नहीं हुआ है। शुक्रवार को ट्रांस यमुना पुलिस ने आरोपित विनय राजपूत को दो दिन की रिमांड पर लिया है।
पुलिस टीम ने जेल से आरोपित को अभिरक्षा में लेने के बाद उससे पूछताछ की। उसने सिर को झरना नाले में फेंकने की बात दोहराई। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर झरना नाले पर पहुंची। आरोपित द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर पुलिस टीम ने झरना नाले में गोताखोरों से सिर की तलाश कराई।
साथ ही नाले के आसपास ड्रेन कैमरे से भी तलाशी अभियान चलाया गया। देर शाम तक सिर नहीं मिलने पर पुलिस टीम आरोपित को लेकर थाने वापस लौट आई। यहां पुन: पूछताछ में उसने सिर को झरना नाले में ही फेंकने की बात कही।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपित को दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। शुक्रवार को उसकी मौजूदगी में झरना नाले में युवती के सिर की तलाश की गई। शनिवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
