उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के पूर्व संयुक्त सचिव जीडी शर्मा के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू हो गया है। धोखाधड़ी के पांच साल पुराने मामले में फरार चल रहे शर्मा के खिलाफ बुधवार को सीजेएम कोर्ट ने कुर्की से पूर्व नोटिस जारी किया है।
फिलहाल आरोपित शर्मा फरार चल रहे हैं। नाई की मंडी थाना पुलिस का कहना है कि कल जीडी शर्मा के घर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा कराया जाएगा। जीडी शर्मा यूपीसीए के संयुक्त सचिव के साथ-साथ आगरा जिला क्रिकेट एसो. के सचिव भी रहे हैं।
26 दिसबंर 2021 को यूपीसीए के निदेशक मदनमोहन मिश्रा ने नाई की मंडी थाने में पिच निर्माण व अन्य मदों में धोखाधड़ी का मुकदमा जीडी शर्मा के खिलाफ दर्ज कराया था। अग्रिम जमानत के लिए उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन राहत नहीं मिली।
काफी दिनों से चल रहे थे फरार
इसके बाद से वे फरार चल रहे थे। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी पुलिस तलाश नहीं कर सकी। बुधवार को सीजेएम कोर्ट ने जीडी शर्मा ने कुर्की नोटिस जारी किया है। 26 मार्च तक उपस्थित न होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
एसओ नाई की मंडी रोहित कुमार ने बताया कि सीजेएम कोर्ट से जारी नोटिस आरोपित के घर पर चस्पा किया जाएगा। इसके साथ ही मुनादी भी कराई जाएगी।
यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि जीडी शर्मा पूर्व में यूपीसीए के नाम से फर्जी संगठन बनाकर प्रदेश क्रिकेट के साथ खिलवाड़ कर चुके हैं। अब उनपर कुर्की की कार्रवाई हो सकती है। आगरा क्रिकेट एसो. में धोखाधड़ी मामले में पूर्व में उन पर कार्रवाई हो चुकी है।
