आगरा में 16.09 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक शिक्षा संकुल भवन, पहली किस्त जारी

 जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए संकुल भवन के निर्माण का मार्ग साफ हो गया है। उप्र माध्यमिक शिक्षा विभाग के नवीन शिक्षा भवन निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इसे कुल 16.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।

परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में तीन करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। परियोजना को आकार दिलाने में मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. मुकेश अग्रवाल की लगातार पैरवी की अहम भूमिका रही।

नए शिक्षा संकुल में संयुक्त शिक्षा निदेशक, मंडलीय उप शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस प्रथम व द्वितीय), जिला लेखाधिकारी और मंडलीय लेखाधिकारी के साथ मंडलीय संस्कृत विभाग के कार्यालय बनाए जाएंगे।

साथ ही खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अलग कक्ष, अधिकारियों के कक्षों के साथ वेटिंग रूम, पार्किंग व्यवस्था और पूरे परिसर की बाउंड्रीवाल भी विकसित की जाएगी।

मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. मुकेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस परियोजना का निर्माण कार्य उप्र प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लि. द्वारा कराया जाएगा।

शासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समय सीमा और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कड़े निर्देश भी जारी किए हैं।

साथ ही प्रति माह प्रगति रिपोर्ट, तकनीकी निरीक्षण और फोटो दस्तावेज लखनऊ मुख्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने का भी प्रविधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *