नूडल सूप से लेकर इमर्सिव डाइनिंग तक, टूरिस्ट्स को लुभा रहा है वियतनाम का ‘फो म्यूजियम’

इसे न केवल दुनिया का पहला फो म्यूजियम, बल्कि वियतनाम का पहला फूड म्यूजियम भी माना जा रहा है। यह संग्रहालय सिर्फ एक डिश के बारे में नहीं है, बल्कि यह ‘फो’ (वियतनाम का फेमस नूडल सूप) को एक समृद्ध सांस्कृतिक कहानी के रूप में पेश करता है।

जी हां, ‘फो’ की असली पहचान इसके खुशबूदार और स्वादिष्ट शोरबे में छिपी होती है, और यह म्यूजियम (Pho Museum Ho Chi Minh City) इसी स्वाद के सफर को उजागर करता है।

कैसे हर वियतनामी की रग-रग में बस गई ये डिश?

म्यूजियम का सफर एक छोटे थिएटर से शुरू होता है, जहां दालचीनी और स्टार ऐनिस की भीनी-भीनी खुशबू के बीच एक शॉर्ट फिल्म दिखाई जाती है। हालांकि, यह फिल्म बहुत ज्यादा सिनेमाई नहीं है, लेकिन इसकी जानकारी, अट्रैक्टिव एनिमेशन, म्यूजिक और कहानी कहने का अंदाज इसे बेहद दिलचस्प बना देता है। फिल्म का एक मुख्य संदेश यह है कि “जहां भी वियतनामी लोग हैं, वहां ‘फो’ जरूर है।”

इसके अलावा, संग्रहालय में पुराने बर्तनों, पारंपरिक चूल्हों, विभिन्न मसालों और पुराने समय की रसोई के मॉडलों के माध्यम से यह दिखाया गया है कि पहले ‘फो’ कैसे तैयार किया जाता था। एक विशेष खंड यह भी दर्शाता है कि युद्ध और कठिन समय के दौरान भी यह डिश वियतनामी लोगों के जीवन से कैसे जुड़ी रही और कैसे यह आम लोगों के खाने से निकलकर आज दुनिया के बड़े-बड़े शहरों तक पहुंच गई है।

इंटरैक्टिव गेमिंग और एंटरटेनमेंट

फिल्म देखने के बाद, दर्शक एक इंटरैक्टिव गेमिंग जोन में प्रवेश करते हैं। यहां एक स्क्रीन पर अलग-अलग सामग्रियां चुनकर आप डिजिटल रूप से अपना ‘फो’ तैयार कर सकते हैं। इसमें चिकन के अलावा ‘फो क्यू’ और ‘फो जाओ’ जैसे विकल्प भी उपलब्ध हैं। इसके बाद एक छोटा क्विज होता है, जिसमें सही जवाब देने पर गिफ्ट शॉप के लिए डिस्काउंट वाउचर मिलता है, जो जानकारी के साथ-साथ एंटरटेनमेंट भी जोड़ता है।

विजिट के आखिर में, आप गिफ्ट शॉप पर जा सकते हैं, जहां फो से जुड़े प्रोडक्ट्स, बाउल, चॉपस्टिक, मसाले और इंस्टेंट फो पैक उपलब्ध हैं, ताकि आप यहां की यादों को अपने साथ ले जा सकें।

आर्ट और इमर्सिव डाइनिंग का एक्सपीरिएंस

म्यूजियम में 200 से अधिक वस्तुएं और आर्ट इंस्टॉलेशन प्रदर्शित हैं, जो ‘फो’ के इतिहास और वियतनाम की रोजमर्रा की जिंदगी से इसके जुड़ाव को जीवंत करते हैं। एक खास इंस्टॉलेशन में चावल की परत पर सजी 27 बाउल्स के जरिए अलग-अलग पेशों को दर्शाया गया है।

संग्रहालय का सबसे खास हिस्सा ‘इमर्सिव डाइनिंग एक्सपीरियंस’ है। यहां विजिटर्स को ‘फो’ का एक स्पेशल बाउल परोसा जाता है, जिसमें उत्तर और दक्षिण वियतनाम की शैलियों को मिलाने की कोशिश की गई है। खाना खाते समय, आसपास की स्क्रीन्स पर वियतनाम के तीनों हिस्सों (उत्तर, मध्य और दक्षिण) के दृश्य दिखाए जाते हैं, जिससे खाने के साथ-साथ वहां के माहौल का भी पूरा अनुभव मिल सके।

10 साल की मेहनत से कर दिखाया कमाल

हो ची मिन्ह सिटी में स्थित यह ‘फो म्यूजियम’ एक निजी पहल का परिणाम है। इसके पीछे वियतनाम टूरिज्म डेस्टिनेशन जॉइंट स्टॉक कंपनी के चेयरमैन, ट्रान वान बैक का विचार था। उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक इस अवधारणा पर काम किया और दुनिया भर के विभिन्न फूड म्यूजियम्स से प्रेरणा लेकर 2026 में इसे आम जनता के लिए खोला।

बता दें कि वियतनाम में हर साल 12 दिसंबर को ‘फो डे’ मनाया जाता है। इस अवसर पर बड़े शहरों में फूड फेस्टिवल आयोजित होते हैं, कुकिंग शो होते हैं और हजारों लोग इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *