दिल्ली हो या कानपुर हाईवे और एमजी रोड पर यातायात काे बाधित करने व नो पार्किंग में बसों को खड़ा करने पर दो महीने में डेढ़ हजार से अधिक बसों का चालान किया गया। जबकि 14 बसों को सीज करने की कार्रवाई की गयी। इसके बावजूद हाईवे पर बस चालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है।
हाईवे पर जगह-जगह खड़े होकर सवारियां बैठाने के चलते वाहनों की गति पर ब्रेक लगा रहे हैं। हाईवे पर आइएसबीटी कट, ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर अंडरपास, भगवान टाकीज चाैराहा, अबुल उलाह दरगाह कट, वाटर वर्क्स एवं रामबाग फ्लाईओवर, रामबाग चौराहा-टेढी बगिया मार्ग पर रोडवेज बसों ने अवेध स्टाॅपेज बना रखे हैं।
चालक-परिचालक उक्त स्थानों पर बसों को सड़क पर खड़ा करके सवारियां उतारते-बैठाते हैं। जिससे यातायात बाधित होने से जाम के हालात रहते हैं। इस वर्ष जनवरी और फरवरी में यातायात पुलिस ने 1500 से अधिक बसों का चालान किया। इनमें अधिकांश चालान यातायात बाधित करने को लेकर थे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में बसों की फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता तिथि समाप्त होने पर चालान किए गए थे। वहीं, कुछ चालान अस्पतालों के आसपास बसों द्वारा अकारण हार्न बजाने पर किए गए थे। एमजी रोड पर भी सिटी बसों का चालान किया गया।
एसीपी यातायात राम प्रवेश गुप्ता ने बताया कि हाईवे पर यातायात को बाधित नहीं होने दिया जाएगा, ऐसा करने वाली बसों का चालान करने के निर्देश सभी यातायात निरीक्षकों व उप निरीक्षकों को दिए गए हैं।
