ऑल ओके है…मैसेज मिलने के बाद हमलावरों ने घेरा था होटल, रंगबाज राज चौहान पर बरसाईं थीं ताबड़तोड़ गोलियां

राज चौहान के साथ शराब पार्टी में शामिल युवक ने मुखबिरी की थी। वाट्सएप पर भेजे गए मैसेज से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद ही हमलावर गेस्ट हाउस में पहुंचे थे। ट्रांस यमुना पुलिस ने मुखबिरी के आरोपित सहित दो युवकों को शुक्रवार रात घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया।

दोनों के खिलाफ अपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा 120बी के तहत कार्रवाई की गई है। राज चौहान हत्याकांड में शुक्रवार रात ट्रांस यमुना पुलिस ने टेढ़ी बगिया निवासी विजय कश्यप व नंदलालपुर हाथरस रोड निवासी रोहित उर्फ फौजी को गिरफ्तार किया है।

दोनों को मुकदमे में अपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा 120बी के तहत मुल्जिम बनाया गया है। आरोपित विजय कश्यप 23 जनवरी की रात एसएन स्टे होम गेस्ट हाउस में राज चौहान के साथ शराब पार्टी में शामिल था। उसी ने अपने मोबाइल से आर्यन नाम के युवक को वाट्सएप मैसेज किया था। मैसेज में लिखा था ऑल ओके, आ जाओ।

गेस्ट हाउस से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद ही मंसूरी और गैंग के अन्य सदस्यों ने गेस्ट हाउस पहुंचकर राज चौहान की हत्या की थी। जांच में विजय कश्यप व रोहित का नाम सामने आया था। तभी से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव की मिली संलिप्तता

राज चौहान की मां नीरज देवी ने टेढ़ी बगिया निवासी हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव पर भी हत्या की वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए थे। गुरुवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर इसकी शिकायत की थी।

पुलिस की जांच में मोनू यादव की भी संलिप्तता राज चौहान हत्याकांड में सामने आई है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मोनू चौहान की संलिप्तता पाई गई है। उसे अपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा 120बी के तहत मुल्जिम बनाया जाएगा।

मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपितों को भेजा जेल

राज चौहान हत्याकांड में गुरुवार रात मुठभेड़ में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। बमरौली थाना पुलिस ने विष्णु पंडित निवासी कालिंदी विहार व शिवांस शर्मा निवासी टेढ़ी बगिया को पकड़ा था। एत्मादपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आकाश प्रजापति निवासी राजन कुंज कालिंदी विहार को गिरफ्तार किया था।

विष्णु पंडित व आकाश प्रजापति पैर में गोली लगने से घायल हुए थे। शुक्रवार को तीनों आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *