एक ही बैंड की धुन पर आए 6 दूल्हे, सामूहिक विवाह में दिखा परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम

वसंत पंचमी पर श्री विद्यापति धर्मशाला ट्रस्ट ने मैथिली ब्राह्मण समाज का द्वितीय आदर्श सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया। इसमें समाज की छह बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह विधि-विधान से कराया गया।

शाहगंज स्थित श्रीकृष्ण गोशाला में जैसे ही एक ही बैंड की धुन पर छह दूल्हे एक साथ बरात लेकर पहुंचे, तो सामाजिक एकता, संस्कार और भावना का अनूठा संगम दिखा।

कन्या के स्वजन ने दुल्हों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया। एक ही वेदी पर छह कन्याओं के विवाह संस्कार संपन्न हुए। जयमाला के दौरान हंसी–ठिठोली और उल्लास का माहौल रहा।

वहीं विदाई के समय स्वजन की आंखें नम हो गईं। संस्था संरक्षक यशपाल झा और अध्यक्ष प्रेम बाबू नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए भावुक हो गए।

ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक कन्या को गृहस्थी का संपूर्ण सामान भेंट किया गया, जिसमें फ्रिज, मिक्सी, गैस सिलेंडर, एलईडी, पलंग, सिलाई मशीन सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही।

मुख्य अतिथि जेडी शर्मा, संरक्षक राम अवतार शर्मा, नवल किशोर शर्मा, संयोजक सोम प्रकाश शर्मा, महामंत्री राज कमल शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा, राकेश झा और अचल शर्मा मौजूद रहे। वि.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *