यात्रियों की सुविधा और दलालों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे एक से 15 अप्रैल के मध्य नियमों में बदलाव करने जा रहा है। अब ट्रेन चलने से 30 मिनट पूर्व बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव कर सकेंगे। वहीं टिकट कैंसिलेशन में भी बदलाव किया गया है।
अब आठ घंटे से कम समय में कोई भी रिफंड नहीं मिलेगा। जनवरी से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (आरएसी) पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे में हर दिन बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा बोर्डिंग स्टेशनों में बदलाव किया जाता है। अभी तक ट्रेन का चार्ट तैयार होने तक बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव किया जा सकता था। एक बार चार्ट बनने के बाद यात्री कोई भी बदलाव नहीं कर सकते थे। इसे लेकर हर दिन रेलवे हेल्प लाइन में शिकायतें दर्ज होती थीं।
अब एक अप्रैल से इस नियम में बदलाव होने जा रहा है। नए नियम के तहत चार्ट बनने के बाद भी बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव कर सकेंगे। यानी ट्रेन रवाना होने के 30 मिनट पूर्व तक बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव मान्य होगा। इससे यात्रियों को सहूलियत मिल सकेगी। रेलवे ने सबसे बड़ा बदलाव टिकट कैंसिलेशन में किया है।
अभी तक अलग-अलग क्लास के हिसाब से टिकट कैंसिलेशन चार्ज था। इसमें 48 घंटे से अधिक पर प्रति यात्री एक तय चार्ज की कटौती की जाती थी। 48 से 12 घंटे के मध्य टिकट रद कराने पर 25 प्रतिशत, 12 से चार घंटे के मध्य 50 प्रतिशत की कटौती की जाती थी।
रेलवे ने बदलाव करते हुए आठ घंटे से कम में कोई भी रिफंड न देने के आदेश जारी किए हैं। इसी तरह से अमृत भारत एक्सप्रेस में आरएसी को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। अब आरएसी की बुकिंग नहीं होगी। इससे यात्रियों को एक सीट दूसरे यात्री के साथ शेयर नहीं करना पड़ेगा।
जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे में बोर्डिंग स्टेशन और टिकट कैंसिलेशन के नियमों में बदलाव से यात्रियों को फायदा होगा। दलालों पर अंकुश लगेगा।
