आगरा में मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हाेने और पहाड़ाें में बर्फबारी के बाद चल रही ठंडी हवाओं से मंगलवार को मौसम में बदलाव आया है। शहर में मंगलवार सुबह मौसम में अचानक से बदलाव देखने को मिला। सुबह बादल छाए रहे और हवा चलती रही वहीं करीब 9:15 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। हवाएं चलने से ठंडक और बढ़ गई। इसका सीधा असर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों पर देखने को मिला। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
आज का था मौसम विभाग का पूर्वानुमान
रात का तापमान गिरने और ठंडी हवा चलने से गलन पहले से ही बढ़ी हुई है। न्यूनतम तापमान करीब छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को गरज के साथ वर्षा और वज्रपात का पूर्वानुमान जताया था और 30 से 40 प्रति किमी की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया था।
तीन दिनों से गलन देखने को मिल रही
शहर में विगत तीन दिनों से ठंडी हवा चल रही हैं। शनिवार, रविवार और रात को न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और ठंडी हवा चलती रही। दोपहर में धूप जरूर निकली, लेकिन हवा चलते रहने से उसका असर कम रहा। तेज हवा चलने से शहर में वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है।
