पति पत्नी के रिश्तों में हैं खटास, कपल थेरेपी का ले सकते हैं सहारा; आगरा में फोन पर 24 घंटे सुविधा

 टीसीएस कंपनी के मैनेजर ने शादी के एक वर्ष बाद खुदकुशी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद ही तलाक की नौबत आ रही है। पति -पत्नी के बीच झगड़े हो रहे हैं। इस तरह के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय में संचालित साइको सोशल क्लीनिक में पति -पत्नी के बीमार संबंधों का कपल थेरेपी से इलाज किया जा रहा है। वहीं, टेलीमानस ओपीडी में 24 घंटे फोन पर काउंसलिंग की जा रही है, परामर्श भी दिया जा रहा है।

अधिक उम्र में शादी, एकल परिवार के साथ पति- पत्नी के बीच संवादहीनता से संबंध बीमार हो रहे हैं। सुख दुख में एक दूसरे का साथ देने वाले दंपती छोटी छोटी बातों पर झगड़ा कर रहे हैं। एक दूसरे की बात नहीं मान रहे हैं।

मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय के निदेशक प्रो. दिनेश राठौर ने बताया कि शादी करने वाले युवक और युवती के पालन पौषण का माहौल अलग होता है, इसके बाद एक साथ रहने पर एक दूसरे को समझने की जरूरत होती है।

मगर, अब ऐसा नहीं हो रहा है, इन्हें कोई समझाने वाला भी नहीं है। इससे शादी के पहले वर्ष में ही पति पत्नी के बीच के रिश्तों में दरार आने लगती है, धीरे धीरे संबंध बीमार हो जाते हैं।

एक दूसरे पर शक, व्यवहार में बदलाव, नशे की लत, अवसाद और तनाव की समस्या होने लगती है। संस्थान में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक संचालित साइको सोशल क्लीनिक में पिछले छह महीने में इस तरह के मामले तेजी से बढ़े हैं।

यहां वैज्ञानिक तरीक से डाक्टर, काउंसलर, मनोवैज्ञानिक इलाज करते हैं। पति पत्नी से ही सुझाव मांगते हैं, फैमिली थेरेपी, कपल थेरेपी दी जा रही है इससे आए दिन लड़ने वाले दंपती खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं।

टेलीमानस ओपीडी के नंबर 14416 पर 24 घंटे फोन कर इस तरह की समस्या होने पर संपर्क किया जा सकता है। ओपीडी में हर रोज 150 से 200 काॅल आ रही हैं, इसमें से 20 प्रतिशत मामले इसी तरह के हैं।

ये करें

  • पति पत्नी एक दूसरे को समझें, एक दूसरे से खुलकर बात करें
  • कोई समस्या है तो उसका मिलकर समाधान करें
  • परिवार के साथ रहें और अपनी बात साझा करें
  • घर पर मोबाइल का न्यूनतम इस्तेमाल करें
  • एक दूसरे के काम में मदद करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *