पीसीएस परिणाम 2024: अपर जिला जज की बेटी काव्या सिंह का UPPSC में चयन, जनता की सेवा करना बताया लक्ष्य

 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने UPPSC 2024 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। आगरा में तैनात विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कुंदन किशोर सिंह की बेटी काव्या सिंह का भी चयन हुआ है। इसके बाद जज कंपाउंड में खुशी की लहर है और जश्न का माहौल है। सुबह-सुबह उनके घर पर न्यायिक अधिकारियों का बधाई देने के लिए तांता लग गया।

आगरा में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कुंदन किशोर सिंह और उनकी पत्नी की आंखें नम

इस बार 947 पदों पर भर्ती निकली थी, जिसके लिए प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार परीक्षा हुई। आगरा में तैनात अपर जिला जज कुंदन किशोर सिंह की बेटी काव्या सिंह ने भी इसमें सफलता हासिल की है।

काव्या सिंह ने बताया बचपन से ही उनका अधिकारी बनकर जनता की सेवा करने का सपना था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। मां शशि लता ने बताया कि काव्य बचपन से ही पढ़ने में अव्वल थी। उन्हें पूरा भरोसा था एक दिन बिटिया परिवार का नाम रोशन करेगी।

बिटिया काव्या सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया

रविवार को जब रिजल्ट आया और उसमें उन्होंने बिटिया का नाम देखा तो उनकी व उनके पति की आंखें नम हो गईं। पिता कुंदन किशोर सिंह का कहना था कि आज के दौर में बेटियां किसी से कम नहीं हैं। काव्या ने हाईस्कूल सीएमएस स्कूल लखनऊ, इंटर सेंट पैट्रिक स्कूल आगरा से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इसके बाद वह गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में बीटेक और एमटेक करने के लिए चली गईं। एमटेक की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने मेरठ यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री हासिल की। इसके साथ ही UPPSC की तैयारी शुरू कर दी।

 जज कंपाउंड में जश्न को माहौल

काव्या की एक बहन और एक भाई और हैं। बहन परिधि सिंह भी सिविल परीक्षा की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही भाई दिव्यांश सिंह ने दसवीं की परीक्षा दी है वह भी पढ़ने में अव्वल है। दोनों भाई बहन रिजल्ट आने के बाद खुशी से झूम उठे और बोले हम भी बड़ी बहन की तरह माता-पिता का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *