शादी में भरपेट खाई दावत, दूल्हे के माता-पिता का उड़ा ले गए बैग; आगरा के मैरिज होम में वारदात को अंजाम

 बर्तन व्यापारी के बेटे की शादी में चोर भी मैरिज होम में घुस गए। चोरों ने पहले तो शानदार दावत का आनंद लिया। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दूल्हा के पिता और मां का नोटों से भरा बैग चोरी कर ले गए।

दोनों बैग में 4.20 लाख रुपये की नकदी व एक अंगूठी थी। गनीमत रही स्वजन जेवर घर पर ही छोड़ आए थे। शादी की वीडियो रिकार्डिंग और सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। बुधवार को एत्माद्दौला थाने में पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है।

राजनगर कालोनी शाहदरा निवासी रामदास अग्रवाल की रामबाग चौराहे पर बर्तन की दुकान है। सोमवार को उनके बेटे योगेश अग्रवाल की शादी थी। शादी का कार्यक्रम हाथरस रोड स्थित हैरिटेज गार्डन में था।

रिश्तेदार और मेहमानों की भीड़ के बीच सोमवार रात तीन चोर मैरिज होम में दाखिल हो गए। चोरों ने पहले खाने का आनंद लिया। रात करीब 12 बजे स्वजन जाने वाले मेहमानों को विदा कर रहे थे।

इसी बीच वहां सोफे पर रखे रामदास अग्रवाल व उनकी पत्नी के बैग को एक युवक ने चोरी कर लिया। जानकारी होने पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

बुधवार शाम को उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। रामदास अग्रवाल ने बताया कि उनके बैग में तीन लाख रुपये नकद रखे थे। पत्नी के बैग में 1.20 लाख रुपये व एक अंगूठी रखी थी।

वीडियो में तीन संदिग्ध युवक मैरिज होम में नजर आ रहे हैं। इन्हीं में से एक युवक ने बैग चुराए हैं। बैग ले जाते हुए वह सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है। वारदात के बाद तीन युवक बाइक से फरार हो गए।इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *