आगरा वालों के लिए जरूरी खबर, PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य; उपभोक्ताओं को तीन महीने का मिला समय

 अगर आपकी गली या फिर कॉलोनी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) लाइन बिछी है। आपने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है तो देरी न करें। तुरंत कनेक्शन के लिए आवेदन कर दें।

तीन माह के भीतर कनेक्शन न लेने वाले उपभोक्ताओं के लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे। जिसे देखते हुए डीएसओ आनंद सिंह ने ग्रीन गैस कंपनी से संबंधित क्षेत्रों की सूची मांगी है।

शहर में 1 लाख से ज्यादा हैं उपभोक्ता

वर्तमान में शहर में 2600 किमी लंबी पाइप लाइन बिछी हुई है। 1.05 लाख उपभोक्ता हैं। केंद्र सरकार के नगरीय विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने गुरुवार शाम वीडियो कान्फ्रेंस से समीक्षा की। पिछले माह पेट्रोलियम मंत्रालय ने पीएनजी को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे।

अधिकारियों ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन बिछी हुई है, लोग कनेक्शन नहीं ले रहे हैं। ऐसे लोगों को तीन माह में अनिवार्य रूप से कनेक्शन लेना होगा। कनेक्शन लेने पर एलपीजी कनेक्शन बंद होंगे। सबसे पहले ऐसे क्षेत्रों और वहां के लोगों की सूची तैयार होगी।

शहर में 1.05 लाख पीएनजी उपभोक्ता हैं, जिसमें 75 हजार सक्रिय कनेक्शन हैं। खंदारी, सिकंदरा, दयालबाग, कमलानगर, बल्केश्वर, शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी, आवास विकास कॉलोनी, ताजगंज सहित अन्य क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछी हुई है।

बड़ी संख्या में लोगों ने कनेक्शन नहीं लिए हैं। ग्रीन गैस कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि छह हजार रुपये की जमानत राशि, एड्रेस और आइडी प्रूफ जमा कर कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है। पीएनजी की हरदिन की खपत 30 से 35 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *