मर्सिडीज के 19 वर्षीय ड्राइवर किमी एंटोनेली ने रविवार को जापानी ग्रां पि में मैकलारेन के आस्कर पियास्त्री को पछाड़ते हुए लगातार दूसरी फार्मूला-1 रेस जीत ली। इटली के एंटोनेली ने ऑस्ट्रेलिया के ड्राइवर पियास्त्री को 13.7 सेकेंड के अच्छे अंतर से पछाड़ दिया। वहीं फरारी के चार्ल्स लेक्लेर्क तीसरे और मर्सिडीज के जार्ज रसेल चौथे स्थान पर रहे। मैकलारेन के लैंडो नारिस पांचवें और फेरारी के लुईस हैमिल्टन छठे स्थान पर रहे।
एंटोनेली ने अपने करियर की पहली फार्मूला-1 रेस दो सप्ताह पहले चीन में जीती थी और वह इतिहास के दूसरे सबसे कम उम्र के विजेता हैं। सबसे कम उम्र के विजेता का रिकार्ड मैक्स वेरस्टैपेन के नाम है। उन्होंने 2016 में 18 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। एंटोनेली ने चीन में भी पोल पोजीशन से जीत दर्ज की थी। तीन रेस में एंटोनेली के 72 अंक हैं।
वह अब सत्र की ड्राइवर की तालिका में शीर्ष पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। एंटोनेली ने कहा कि चैंपियनशिप के बारे में सोचना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन हम अच्छी स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि इस जीत के बावजूद उन्हें अपनी शुरुआत को बेहतर करने पर ध्यान देना होगा। इस युवा ड्राइवर ने कहा कि मुझे बस यह देखना होगा कि क्या गलत हुआ, क्योंकि रेस में जीत या हार का बहुत बड़ा फर्क पड़ता है।
