हीरो इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में रविवार को आखिरी दिन शीर्ष पर चल रहे गत चैंपियन यूजेनियो चकारा से चार शॉट पीछे से शुरुआत करने वाले इंग्लैंड के एलेक्स फिट्जपैट्रिक ने 18वें ग्रीन पर पहुंचते-पहुंचते चार शॉट की बढ़त बनाकर अपना पहला डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया।
फिट्जपैट्रिक ने आखिरी होल में डबल बोगी की, लेकिन तब तक वह ट्रॉफी जीतने के लिए दो शॉट की बढ़त बना चुके थे। फिट्जपैट्रिक और स्पेन के चकारा के बीच लंबे समय से प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है। एक साल पहले, जब चकारा ने हीरो इंडियन ओपन 2025 का खिताब जीता था, तब फिट्जपैट्रिक 17वें स्थान पर बराबरी पर थे।
अब फिट्जपैट्रिक ने 3-अंडर 69 का स्कोर किया, जिससे हफ्ते का उनका कुल स्कोर 9-अंडर रहा, जिसमें उनके राउंड 70-68-72-69 के रहे। वहीं, चकारा के लिए आखिरी दिन किसी बुरे सपने जैसा रहा, जिसमें उन्होंने छह बोगी कीं, जिनमें से चार पिछले नौ होल में थीं और उन्होंने अपने आखिरी चार होल में से तीन में शॉट गंवाए।
67-69-75 के राउंड के साथ उन्होंने आखिरी दिन 10-अंडर से शुरुआत करने के बाद 7-अंडर पर खेल खत्म किया। फिट्जपैट्रिक को हीरो मोटोकोर्प के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डा. पवन मुंजाल ने ट्रॉफी और लगभग 4.11 करोड़ रुपये (433,500 डालर) का चेक सौंपा।
टूर्नामेंट में तीन खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के एमजे डफ्यू (73), फ़्रांस के उगो कुसौद (69) और इंग्लैंड के एंडी सुलिवन (71) तीसरे स्थान पर बराबरी पर रहे। इन सभी का कुल स्कोर 5-अंडर 283 रहा। वहीं भारतीय गोल्फरों में ओम प्रकाश चौहान (81) और एस मनोज (76) T-43वें स्थान पर रहे, जबकि क्षितिज नावेद कौल (80) टी-82वें स्थान पर रहे।
इस हफ्ते की शुरुआत करने वाले 30 भारतीयों में से सिर्फ तीन ही कट में जगह बना पाए थे। फिट्जपैट्रिक ने 585 अंक भी हासिल किए और रेस टू दुबई रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए। अगर फिट्जपैट्रिक इस रैंकिंग में शीर्ष-10 में जगह बना लेते हैं तो उन्हें पीजीए टूर कार्ड कार्ड मिल सकता है और वह अपने बड़े और अधिक मशहूर भाई मैथ्यू के साथ यूनाइटेड स्टेट्स में खेल सकते हैं। जीत के बाद फिट्जपैट्रिक ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। उम्मीद है कि मैं इसी तरह आगे बढ़ता रहूंगा।
