सचिन तेंदुलकर vs विराट कोहली? सौरव गांगुली ने बताया कौन है महान, फैंस को भी मिला अंतहीन बहस का क्‍लोजर!

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली में से कौन महान क्रिकेटर है, यह बहस अक्‍सर क्रिकेट के गलियारों में देखने को मिलती है। पूर्व क्रिकेटर भी इस सवाल से बच नहीं पाते हैं। गाहे-बगाहे उन पर यह प्रश्न दाग ही दिया जाता है। हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को भी इस सवाल का सामना करना पड़ा।

दोनों बहुत अच्‍छे हैं

टीवी9 से बातचीत में गांगुली से पूछा गया, “एक बहस चल रही है, एक अंतहीन बहस और हम इस पर क्‍लोजर चाहते हैं। विराट या सचिन? इस पर दादा ने कहा, “ये मत पूछिए। दोनों बहुत अच्छे हैं और मैं सबसे खुश हूं कि दोनों इंडिया के हैं। दोनों ने इंडिया को इतने मैच जिताए हैं। आप सोच भी नहीं सकते, क्योंकि जब आप खेलते हो ना तो आपको पता चलता है कि इतने रन बनाना, इतनी सेंचुरी बनाना कितना मुश्किल है।”

सचिन बहुत बड़े प्‍लेयर

गांगुली ने कहा, “सचिन तेंदुलकर बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। मैं उनको पास से देखा हूं, मैं उनके साथ इतना खेलता हूं। मैं जब मैं उनके साथ ढाई सौ वनडे ओपन कर चुका हूं तो मैं घर में आकर हमेशा बोलता था कि यार मुझे ना मेरी गेम नीचे जानी नहीं चाहिए। कभी-कभी मेरी पत्नी पूछती थी क्यों गेम में तो ऊपर नीचे होता है। मैंने कहा नहीं यार लोग बोलेंगे या दूसरे एंड पर इतना बड़ा खिलाड़ी है और दूसरा तरफ 1 औसत खिलाड़ी है तो मैं कभी नहीं चाहता हूं कि मेरा गेम नीचे आये।”

तुलना नहीं होनी चाहिए

दादा ने कहा, “मैं 1 चीज लाइफ में विश्वास करता हूं कि आप अच्छे लोगों के साथ खेलोगे ना जो आपसे बेहतर खिलाड़ी है, जो आपसे मजबूत खिलाड़ी है, आपका गेम भी इम्प्रूव होता है क्योंकि आपका लेवल भी वो बन जाता है। इसलिए मेरे हिसाब से विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के बीच तुलना नहीं होनी चाहिए। दोनों भारत के हैं। मैं सचिन को बहुत पास से देखा हूं और बहुत बड़े खिलाड़ी हैं।”

दोनों का प्रदर्शन

इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्‍यादा रन (34,357) बनाए हैं। वहीं कोहली 28215 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। कोहली ने वनडे में सबसे ज्यादा शतकों का तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उनके नाम 53 शतक हैं, जबकि तेंदुलकर ने अपने शानदार करियर में 49 शतक लगाए थे।

टेस्ट क्रिकेट में तेंदुलकर के नाम 51 सेंचुरी हैं, जबकि कोहली के नाम 30 शतक हैं। तेंदुलकर ने टेस्ट में कुल 15,921 रन बनाए हैं, जबकि कोहली ने 9,230 रन बनाए। विराट टी20 इंटरनेशनल और टेस्‍ट क्रिकेट से संन्‍यास ले चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *