मध्य प्रदेश के ग्वालियर के घाटीपुरा थाना क्षेत्र में भोपाल रोड पर तेज रफ्तार कैंटर और कार की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।
हादसे में इस्लाम नगर के दो युवकों की मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया।
इस्लाम नगर निवासी मोहम्मद फजल के अनुसार उनका 37 वर्षीय बेटा यूसुफ खान मोहल्ले के छोटू खान के साथ कांच पर डिजाइन बनाने का काम करता था।
कांच का सामान बेचने जाते थे दोनों
दोनों अलग-अलग शहरों में कांच का सामान बेचने जाते थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे यूसुफ, छोटू और मोहल्ले का युवक सलमान इको कार से ग्वालियर के लिए निकले थे। कार सलमान चला रहा था।
सुबह करीब आठ बजे घाटीपुरा थाना क्षेत्र के भोपाल रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार में फंसे सलमान और यूसुफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठा छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। देर रात जब दोनों शव इस्लाम नगर पहुंचे तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। ईद से पहले हुए हादसे से मृतकों घर में मातम छा गया।
