राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सपा ने बुधवार दोपहर घरेलू गैस सिलिंडर के संकट के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सिर पर खाली सिलिंडर और चूल्हा लेकर कलक्ट्रेट पहुंचीं। वहां चूल्हा जलाकर उन्होंने रोटियां बनाईं।
सपा ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता और महिला सभा की जिलाध्यक्ष कुसुम लता यादव के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे सपा कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे।
ममता टपलू, कुसुम लता यादव, गुड्डी भारती ने कलक्ट्रेट परिसर में चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं। महिला सभा की जिलाध्यक्ष कुसुम लता यादव ने कहा कि भाजपा सरकार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई समस्या नहीं है। डीएम भी यही बात कह रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
महिलाओं को घंटों लाइन में लगने के बावजूद गैस नहीं मिल पा रही है। गैस सिलिंडर दो हजार रुपये ब्लैक में बेचा जा रहा है। ममता टपलू ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं पर पड़ा है।
बढ़ती महंगाई से पहले ही घर-गृहस्थी चलाना मुश्किल था, गैस सिलिंडर की किल्लत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की उज्ज्वला योजना पूरी तरह विफल हो चुकी है और आज महिलाएं गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
जिला महासचिव संतोष पाल बघेल, पवन प्रजापति, देवेंद्र यादव, सोमेश गुप्ता, रामनाथ सविता, परवेज खान प्रदीप बघेल आदि मौजूद रहे।
