ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के नगला किशनलाल में एक घर के गेट पर ताला लगा महिला को कैद करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ। महिला ने सेवानिवृत्त दारोगा ससुर और जेठ पर संपत्ति के विवाद में कैद करने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि आपसी बंटवारे का विवाद है।
थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की घटना, इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रसारित
नगला किशनलाल निवासी रेखा पत्नी मनोज कुमार का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ। प्रसारित वीडियाे में वह गेट के अंदर दिखाई दे रही है। बाहर ताला लगा हुआ है। रेखा ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त दारोगा ससुर सियाराम ने अपने छोटे बेटे मनोज को संपत्ति में कोई हिस्सा नहीं दिया है। पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। ससुर ने 27 जनवरी को मकान का बैनामा नाती अंकित कुमार के नाम कर दिया।
महिला ने सेवानिवृत्त दारोगा और जेठ पर लगाया बंधक बनाने का आरोप
मंगलवार सुबह दस बजे ससुर, जेठ अनिल कुमार और उसके पुत्र अंकित के विरुद्ध रेखा ने घर से चोरी की शिकायत थाने में की थी। जिससे नाराज ससुराल वालों ने उसे घर में बंद करके गेट पर ताला लगा दिया। रेखा द्वारा 1076 पर काल करने पर पुलिस ने दोपहर एक बजे उसे मुक्त कराया। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद ससुराल वालों ने उसे दोबारा घर में बंद कर दिया।
ससुर ने बताया लेनदेन का चल रहा है विवाद
वहीं, मामले में ससुर सियाराम का कहना है कि उनके दो बेटे अनिल और मनोज हैं। वह वर्ष 2004 में उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। दोनों बेटों को ठेकेदारी के 15 लाख रुपये दिए थे। वर्ष 2024 में लेनदेन को लेकर दोनों बेटों के बीच विवाद चल रहा है। सियाराम का आरोप है कि छोटे बेटे की बहू अक्सर विवाद विवाद करती रहती है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
मामले में थाना प्रभारी ट्रांस यमुना हरेंद्र कुमार ने बताया कि आपसी बंटवारे का विवाद है। शिकायत की जांच की जा रही है। महिला का चोरी का आरोप निराधार है।
