उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर भगवान टॉकीज चौराहा से कालिंदी विहार तक कार्य तेजी से करेगी। इस हिस्से में रिग मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। एलीवेटेड ट्रैक को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यमुना नदी पर 200 करोड़ रुपये से मेट्रो पुल बन रहा है।
एलीवेटेड ट्रैक का किया जा रहा है निर्माण
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक 16 किमी लंबा मेट्रो ट्रैक बन रहा है। इसे दो भाग में बांटा गया है। पहला भाग कैंट से हरीपर्वत चौराहा और दूसरा हरीपर्वत से कालिंदी विहार तक है। पूरे हिस्से में कार्य चल रहा है। एमजी रोड पर अभी तक सबसे अधिक फोकस किया जा रहा था। अब नेशनल हाईवे-19 पर चल रहे कार्य पर किया जाएगा।
यमुना नदी पर बन रहा है पुल
यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि एमजी रोड पर अधिकांश मेट्रो स्टेशन आकार ले रहे हैं। आगरा कॉलेज में पहला कॉरिडोर दूसरे से मिल रहा है। टीम अब भगवान टॉकीज चौराहा से कालिंदी विहार के मध्य तेजी से कार्य करेगी।
पिलर के तुरंत बाद गर्ड रखने का कार्य चालू होगा। वहीं यमुना नदी पर पुल बन रहा है। सात में चार पिलर का समूह बनकर तैयार हो गया है।
हटाई जा रही है बैरिकेडिंग
नेशनल हाईवे-19 स्थित आईएसबीटी से गुरु का ताल होते हुए सिकंदरा तिराहा तक मेट्रो का कार्य चल रहा है। जिस हिस्से में पिलर बन चुके हैं। वहां से जल्द बैरिकेडिंग हट रही है।
