सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में मंगलवार रात साढ़े 12 बजे से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हुई। आंधी-पानी भी युवाओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। मौसम खराब होने पर युवा जीत सिंह स्टेडियम में डटे रहे। यहां युवाओं को चेस्ट नंबर जारी किया गया और फिर ग्रुप में सभी युवा एकलव्य स्टेडियम पहुंचे।
सबसे पहले युवाओं के प्रमाण पत्रों की जांच की गई। बुधवार सुबह छह बजे 1600 मीटर की दौड़ शुरू होगी। आगरा, मथुरा सहित 12 जिलों के एक हजार युवा भाग ले रहे हैं। 19 अप्रैल तक चलने वाली रैली में 19 हजार युवा शामिल होंगे।
अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने के लिए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद सहित 12 जिलों के एक हजार युवा मंगलवार दोपहर शहर पहुंच गए। बड़ी संख्या में युवा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, आइएसबीटी में रुके तो कुछ युवा सीधे जीत सिंह स्टेडियम पहुंच गए। शाम होते ही सभी युवाओं ने स्टेडियम पहुंचना चालू कर दिया।
आंधी-पानी के चलते युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। अग्निवीर ट्रेड्समैन और विशिष्ट ट्रेड्समैन की भर्ती रैली में शामिल होने आए युवा स्टेडियम से बाहर नहीं गए। आंधी के चलते जीत सिंह और एकलव्य स्टेडियम में तैयारियां प्रभावित हुईं लेकिन सेना के जवानों ने कुछ ही समय में व्यवस्थाओं को पूर्व की तरह कर दिया।
रैली में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी होगी। रात साढ़े 12 बजे जीत सिंह से युवाओं की टोलियां एकलव्य स्टेडियम पहुंची। कई युवाओं को दरवाजे पर रोक दिया गया। दस्तावेज न लेकर आने के चलते लौटा दिया गया।
भर्ती रैली में सबसे अहम 1600 मीटर की दौड़ है। जिसे पांच से सात मिनट में पूरी करनी होती है। दौड़ बुधवार सुबह छह बजे से शुरू हुई। निदेशक कर्नल विक्की शर्मा ने बताया कि रैली के दौरान किसी को भी स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
19 अप्रैल तक चलने वाली रैली में 19 हजार युवा भाग लेंगे। उधर, मंगलवार दोपहर स्टेडियम में कुछ युवाओं को बुलाकर रिहर्सल की गई। इसमें युवाओं ने दौड़ भी लगाई।
अग्निवीर भर्ती रैली
- दो अप्रैल : आगरा को छोड़कर 11 जिलों के एक हजार अग्निवीर टेक्निकल (सभी शाखाएं) की भर्ती।
- तीन अप्रैल : आगरा को छोड़कर सभी 11 जिलों के अग्निवीर आफिस असिस्टेंट और स्टोर कीपर टेक्निकल
युवाओं को अपने साथ रखने होंगे यह दस्तावेज
- शैक्षिक प्रमाण पत्र कक्षा आठ, 10 और 12 की अंकतालिकाएं।
- पहचान और निवास के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र होना चाहिए।
- 10 रुपये के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षरित शपथ पत्र।
- प्रवेश पत्र और फोटो : स्पष्ट प्रिंटेड प्रवेश पत्र और 20 नवीनतम रंगीन पासपोर्ट फोटो
- आवश्यक दस्तावेजों की सूची : युवाओं को मूल दस्तावेजों के साथ दो सेट स्व-सत्यापित फोटोकाॅपी लाना जरूरी है।
- चरित्र प्रमाण पत्र : तहसील या फिर नगर पालिका परिषद द्वारा छह माह के भीतर जारी हुआ होना चाहिए।
