पुर्तगाली नाम और भारतीय मसाले: कैसे बनी गोवा की सबसे मशहूर डिश ‘Xacuti’? पढ़ें कहानी और रेसिपी

गोवा के खान-पान की बात करें और शाकुती (Xacuti) का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। यह डिश गोवा की पहचान से बहुत गहराई से जुड़ी है। गहरे भूरे रंग की यह गाढ़ी और खुशबूदार करी न केवल गोवा के घरों में बल्कि दुनिया भर के शानदार रेस्तरां में भी अपनी जगह बना चुकी है।

लेकिन क्या आप जानते हैं इस डिश को इसका नाम पुर्तगाली डिश से मिला है, जो गोवा के पुर्तगाली कल्चर से कनेक्शन के बारे में काफी कुछ बताता है। आइए जानें शाकुती क्यों इतना खास है और इसकी रेसिपी क्या है।

पुर्तगाली तकनीक और भारतीय मसालों का मिलन

शाकुती नाम पुर्तगाली शब्द चाकुती (Chacuti) से लिया गया है। यह नाम गोवा पर पुर्तगाली शासन के प्रभाव को दिखाता है, लेकिन इस डिश की आत्मा पूरी तरह से भारतीय है। इसकी शुरुआत गोवा के ग्रामीण इलाकों के पारंपरिक रसोईघरों में हुई थी।

वहां की महिलाएं पत्थर के सिलबट्टे पर स्थानीय मसालों और भुने हुए नारियल को घंटों पीसकर एक बारीक पेस्ट तैयार करती थीं। मसाले तैयार करने की यह प्रक्रिया ही शाकुती को उसकी महक और स्वाद देती है, जिसके लिए यह आज मशहूर है। यह डिश भारतीय मसालों और पुर्तगाली पाक तकनीकों के मेल का प्रतीक है, जो यह बताती है कि कैसे गोवा के रसोइयों ने स्थानीय सामग्रियों का इस्तेमाल करके यह मास्टरपीस तैयार किया।

शाकुती की खासियत

शाकुती की सबसे बड़ी खूबी इसका मसाला और भुना हुआ कसा हुआ नारियल है। नारियल को भूनने से करी में एक खास स्मोकी फ्लेवर आता है। इसके मसाले में धनिया के बीज, जीरा, लौंग, दालचीनी, सौंफ, जायफल और खसखस जैसे मसालों का मिश्रण होता है। पारंपरिक रूप से इसे चिकन या मटन के साथ बनाया जाता है, लेकिन आज सीफूड्स और सब्जियों के साथ भी इसके कई रूप देखने को मिलते हैं।

चिकन शाकुती की रेसिपी

सामग्री-

  • 1/2 किलो चिकन (छोटे टुकड़ों में)
  • 1 कप कसा हुआ नारियल
  • 1 मध्यम प्याज
  • अदरक-लहसुन पेस्ट
  • मसाले- 3 कश्मीरी मिर्च, 10-12 काली मिर्च, 5 लौंग, 1 दालचीनी, आधा-आधा चम्मच जीरा, सौंफ, खसखस और साबुत धनिया। थोड़ा मेथी दाना, काले तिल और हल्दी, जायफल पाउडर, ताजा धनिया और नमक

बनाने की विधि-

  • सबसे पहले एक पैन में तेल गरम करें और कश्मीरी मिर्च भूनें। अब धीमी आंच पर हल्दी, अदरक, लहसुन और प्याज डालकर भूनें।
  • फिर इसमें कसा हुआ नारियल और सभी साबुत मसाले डालें। मिश्रण के सुनहरा भूरा होने तक भूनें ताकि मसालों की खुशबू आनी शुरू हो जाए।
  • इसके बाद मिश्रण ठंडा होने पर इसे ब्लेंडर में थोड़े पानी के साथ पीसकर एक बारीक नारंगी रंग का पेस्ट बना लें। अब एक भारी तले के बर्तन में चिकन के टुकड़े, तैयार शाकुती मसाला और नमक डालें। इसे ढककर धीमी आंच पर लगभग 30 मिनट तक पकने दें।
  • 30 मिनट बाद ऊपर से एक चुटकी जायफल पाउडर छिड़कें और 5 मिनट तेज आंच पर इसे चलाएं। लास्ट में ताजे धनिये से सजाकर इसे गरम-गरम पाव या चावल के साथ परोसें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *