क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जानिक सिनर, दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी ने एलेक्स माइकेल्सन को दी शिकस्त

 दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी जानिक सिनर ने घरेलू खिलाड़ी एलेक्स माइकेल्सन के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले में देर से वापसी करते हुए मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मंगलवार को सिनर ने हार्ड राक स्टेडियम में माइकेल्सन को 7-5, 7-6(4) से हराया। दूसरे सेट में 2-5 से पिछड़ने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की, मुकाबले को टाई-ब्रेक में पहुंचाया और एक घंटा 42 मिनट में जीत दर्ज की।

इसके साथ ही उन्होंने एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए लगातार 28 सेट जीतने का रिकार्ड भी बढ़ाया। सिनर ने इस जीत के दौरान अपनी पहली सर्विस पर 90 प्रतिशत अंक जीते और अब क्वार्टर फाइनल में 19वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो के विरुद्ध दमदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। इस जीत के साथ माइकेल्सन के विरुद्ध सिनर का रिकार्ड 3-0 हो गया है।

24 वर्षीय इतालवी खिलाड़ी अपने पहले पांच मियामी ओपन में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले यह उपलब्धि जानिक नोआ और स्टेफन एडबर्ग ने हासिल की थी। सिनर ने कहा कि मुझे लगा कि आज मेरी सर्विस ने काफी मदद की, खासकर अहम मौकों और टाई-ब्रेक में। इसलिए मैं इससे खुश हूं।उन्होंने कहा कि साथ ही मुझे पता है कि अगर मुझे इस टूर्नामेंट में आगे तक जाना है तो बेसलाइन से अपने खेल में सुधार करना होगा। कल आराम का दिन है, जो मदद करेगा। मैं अभ्यास सत्र में अच्छी लय खोजने की कोशिश करूंगा, फिर देखेंगे क्या होता है। इतालवी खिलाड़ी ने कहा कि वह इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस नहीं खेल पाए। इसलिए उन्होंने रास्ता निकालने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *