‘हमने ठान लिया है कि…’, भारत से हारकर भी पाकिस्‍तान की अक्‍ल नहीं आई ठिकाने; उस्मान तारिक ने फैंस से किए बड़े वादे

 टी20 विश्‍व कप 2026 में भारत-पाकिस्‍तान का मुकाबला अब समाप्‍त हो गया है। टीम इंडिया ने ईशान किशन की तूफानी पारी की बदौलत पाकिस्‍तान को एकतरफा मुकाबले में 61 रन से रौंदा था। मुकाबला भले ही रविवार रात को हो गया हो पर इसकी चर्चा अभी तक हो रही है। प्रेमदासा स्‍टेडियम में होने वाले मैच से पहले तक पाकिस्‍तानी स्पिनर उस्‍मान तारिक की काफी चर्चा थी।

अब नामीबिया से पाकिस्‍तान का मैच

हार के बाद उस्मान तारिक ने मंगलवार को कहा कि टीम टी20 विश्व कप में भारत से मिली करारी हार से उबर सकती है और टूर्नामेंट के अगले चरण में जगह पक्की कर सकती है। भारत से हार के बाद अब अगर पाकिस्‍तान को सुपर-8 में पहुंचना है तो बुधवार को नामीबिया को हर हाल में हराना होगा। एक और हार पाकिस्‍तान पाकिस्‍तान को टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है।

गलतियों पर काम किया है

तारिक ने पत्रकारों से कहा, “टीम का मनोबल बढ़ाना तभी मुश्किल होता है जब आप पिछले मैच में की गई गलतियों पर काम नहीं करते। हमने अपनी गलतियों पर काम किया है, इसलिए मुझे लगता है कि यह मुश्किल काम नहीं होगा। हमने ठान लिया है कि हम दोबारा वही गलतियां नहीं दोहराएंगे। हम फैंस की निराशा को समझ सकते हैं क्योंकि यह मैच पूरा देश देख रहा है।”

अगली बार बेहतर करेंगे

तारिक ने कहा, “हम फैंस की तकलीफ समझते हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि अगली बार जब हम भारत से खेलेंगे तो बेहतर प्रदर्शन करेंगे।” उन्होंने बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी को नामीबिया के खिलाफ मैच से बाहर किए जाने की अटकलों को भी खारिज कर दिया। दोनों ने अपने प्रदर्शन से निराश किया है।

बाबर-शाहीन पर दिया अपडेट

तारिक ने कहा, “आजम और शाहीन दोनों ने पाकिस्तान के लिए कई मैच जिताए हैं, इसलिए अगर उन्होंने एक मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया तो हमें उन्हें बेकार नहीं समझना चाहिए। हम जिससे भी खेलेंगे, हमें उन्हें हराने का पूरा भरोसा है और हमारा लक्ष्य फाइनल खेलना और कप जीतना है। इसके लिए हम पूरी कोशिश करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *