रेल यात्री ध्यान दें। जल्द बंद होगी ये वंदे भारत एक्सप्रेस, यात्रियों की कमी के चलते रेलवे ने लिया फैसला

 उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल से एक वंदे भारत का संचालन छिनने जा रहा है। इसी माह से आगरा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन बंद होने जा रहा है। सितंबर 2024 में इस ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलती है।

यात्रियों की कमी के चलते अब इस ट्रेन को उदयपुर से असारवा अहमदाबाद के मध्य चलाया जाएगा। मंगलवार को छोड़कर यह ट्रेन बाकी छह दिन चलेगी।

आगरा मंडल को पहली वंदे भारत वर्ष 2024 में भोपाल से निजामुद्दीन के मध्य मिली थी। इसके बाद आगरा-उदयपुर, निजामुद्दीन-खजुराहो और आगरा-वाराणसी वंदे भारत मिली। आगरा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सितंबर 2024 से चालू हुआ था।

यह ट्रेन सोमवार, गुरुवार, शनिवार को चलती है। शुरुआत में इस ट्रेन को भरपूर यात्री मिले। धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या में तेजी से कमी आई। दिसंबर 2025 में रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन को बंद करने के निर्देश दिए थे। इसका आखिरी निर्णय उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन को लेना था।

जोन प्रशासन द्वारा इसी माह से इस ट्रेन को बंद किया जाएगा। हालांकि अभी ट्रेन के बंद करने की तिथि को घोषित नहीं किया गया है। इस ट्रेन के बदले उदयपुर से असारवा अहमदाबाद के मध्य नई वंदे भारत का संचालन शुरू होगा।

मंगलवार को छोड़कर यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत ने बताया कि आगरा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही इसकी तिथि जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *