भीड़ ने बच्चा चोर समझकर महिला की लगाई पिटाई, खंभे से बंधा देखकर दंग रह गया पति; आगरा पुलिस को बताई सच्चाई

बच्चा चोरी के शक में देवरी रोड के वाशिंदों ने एक महिला को पकड़कर घर के खंभे से बांध दिया। इसके साथ मारपीट की गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और महिला को मुक्त कराया।

जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि महिला मनोरोगी है और लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली है। वह घर से पांच दिन से लापता था। लोहामंडी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज है। पति महिला को अपने साथ घर ले गया।

लोहामंडी निवासी महिला पांच दिन से थी लापता

एकता थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवरी रोड पर मनोरोगी महिला शुक्रवार शाम को एक बच्चे को कुछ सुंघा रही थी। मोहल्ले वालों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। एक घर के खंभे से महिला को बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। कुछ लोगों ने महिला का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। पुलिस के अनुसार सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची और महिला को मुक्त कराया। इस बीच महिला मौका पाकर वहां से चली गई।

स्वजन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी, पति ले गया घर

वीडियो देखकर महिला के स्वजन उसकी तलाश में देवरी रोड पर पहुंचे। यहां से पति उसे अपने साथ घर ले गया। पति ने एकता थाना पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार हैं। पांच दिन पहले वह घर से लापता हो गई थीं। लोहामंडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही स्वजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *