कौन हैं जेन्सी कानाबार? ऑस्ट्रेलियन ओपन में टाइटल जीतने वाली बनी पहली महिला भारतीय

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 जारी है और भारत की बेटी ने इस टूर्नामेंट में कमाल कर दिखाया है। भारत की जेन्सी कानाबार ने अंडर-14 में टाइटल अपने नाम कर लिया है और वे ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उनसे पहले किसी भी महिला खिलाड़ी ने इस टाइटल को अपने नाम नहीं किया था। जेन्सी ने इस टूर्नामेंट में शुरु से ही शानदार खेल दिखाया था और ग्रुप स्टेज में भी उनका दबदबा रहा था।

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले में कानाबार ने ऑस्ट्रेलिया की ही मुसेम्मा सिलेक को मात दी और टाइटल को अपने नाम कर लिया। जेन्सी ने इस फाइनल मैच को 3-6, 6-4 और 6-1 से अपने नाम किया। हालांकि, एक समय पर वे 3-6 और 0-2 से पिछड़ रही थी लेकिन इस होनहार खिलाड़ी ने अपना धैर्य नहीं खोया और अंत में टाइटल को अपने नाम कर लिया।

ऑस्ट्रेलियन ओपन में दिखाया दम

जेन्सी कानाबार ने अंडर-14 में लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। उन्होंने राउंड-रॉबिन चरण में सभी मुकाबलों में जीत हासिल की और ग्रुप को 3-0 से जीतकर पहला स्थान हासिल किया। जेन्सी का पहला मुकाबला नेपाल की शिवली गुरुंग के खिलाफ था, जहां उन्होंने 6-4, 6-2 से जीत हासिल की और अपने अभियान का जीत के साथ आगाज किया। इसके बाद चीन की जिन्यू झोउ के खिलाफ 7-5, 6-4, जबकि न्यूजीलैंड की जोसेलिन पर 6-0 और 6-1 से शानदार जीत हासिल की। सेमीफाइनल मुकाबले में जेन्सी ने जापान की आओई योशिदा को हराया और फिर फाइनल में मुसेम्मा सिलेक को हराकर टाइटल अपने नाम कर लिया।

कौन हैं जेन्सी कानाबार?

भारत की बेटी जेन्सी कानाबार ने मात्र 14 साल की आयु में कई असाधारण प्रदर्शन किए हैं। जेन्सी भविष्य में भारत की बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी बन सकती हैं। उन्होंने अब तक नेशनल और इंटरनेशनल मैचों में बेहतरीन खेल दिखाया है। जेन्सी गुजरात के जूनागढ़ की रहने वाली हैं और उन्होंने काफी उम्र से ही टेनिस खेलना शुरु कर दिया था। जूनियर स्तर पर इस खिलाड़ी ने लगातार शानदार खेल दिखाया, जिससे वे एक होनहार खिलाड़ी के रूप में उभरी हैं।

कानाबार की प्रतिभा उनके प्रदर्शन में झलकती है क्योंकि वे लगातार टेनिस की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच रही हैं। जेन्सी अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) की अंडर-14 और अंडर-16 कैटेगरी में पहले स्थान पर मौजूद हैं। उन्होंने आईटीएफ जे30 सिंगल्स में जूनियर स्तर पर अहमदाबाद में अपने डेब्यू पर ही छाप छोड़ी और खिताब को अपने नाम किया। इसके अलावा भी कानाबार ने जूनियर स्तर पर कई अन्य टाइटल भी अपने नाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *