पफर जैकेट गंदी हो गई है? ड्राई क्लीनिंग के पैसे बचाएंगे 5 आसन तरीके, नहीं खराब होगी रूई

सर्दियों के मौसम में पफर जैकेट हम सभी की जान होती है। यह हमें ठंड से तो बचाती है, लेकिन जब यह गंदी हो जाती है, तो इसे साफ करना एक बड़ा सिरदर्द बन जाता है। अक्सर हम डरते हैं कि घर पर धोने से इसकी रूई खराब हो जाएगी और यह पिचक जाएगी। इसलिए हम महंगे ड्राई क्लीनर्स का सहारा लेते हैं।

हालांकि, अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। यहां 5 ऐसे आसान तरीके (Puffer Jacket Cleaning Tips) बताए गए हैं, जिनसे आप घर पर ही अपनी पफर जैकेट को बिल्कुल नए जैसा चमका सकते हैं और आपके ड्राई क्लीनिंग के पैसे भी बचेंगे।

सबसे पहले लेबल चेक करें

सफाई शुरू करने से पहले जैकेट पर लगे ‘केयर लेबल’ को पढ़ना सबसे जरूरी है। हर जैकेट का फैब्रिक और उसके अंदर की रूई अलग होती है। लेबल पर साफ लिखा होता है कि इसे मशीन में धोना है या हाथ से। अगर उस पर “Dry Clean Only” नहीं लिखा है, तो आप बेझिझक इसे घर पर धो सकते हैं।

जिद्दी दागों की ‘स्पॉट क्लीनिंग’

पूरी जैकेट को मशीन में डालने से पहले, उन जगहों को साफ करें जहां ज्यादा गंदगी है, जैसे कि कॉलर, कफ या खाने-पीने के दाग।

  • थोड़ा-सा माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट या डिश वॉश लिक्विड लें।
  • इसे सीधे दाग पर लगाएं और हल्के हाथों या नरम ब्रश से रगड़ें।
  • इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि मैल फूल जाए।

जिप बंद करें और उल्टा करें

जैकेट को धोने से पहले उसकी सारी जेबें खाली कर लें। इसके बाद जैकेट की चेन और बटन पूरी तरह बंद कर दें। अब जैकेट को उल्टा कर दें। ऐसा करने से धुलाई के दौरान जैकेट का बाहरी कपड़ा सुरक्षित रहता है और जिप मशीन में अटकती नहीं है। अगर आपके पास मेश लॉन्ड्री बैग है, तो जैकेट को उसमें डालकर धोना और भी सुरक्षित है।

सही डिटर्जेंट और मशीन सेटिंग्स

पफर जैकेट धोते समय कभी भी पाउडर वाले सर्फ का इस्तेमाल न करें, यह जैकेट की रूई में फंस सकता है। हमेशा लिक्विड डिटर्जेंट का ही प्रयोग करें।

  • मशीन को जेंटल मोड पर सेट करें।
  • हमेशा ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। गर्म पानी से जैकेट का फैब्रिक और अंदर की रूई खराब हो सकती है।

टेनिस बॉल ट्रिक

  • यह सबसे जरूरी स्टेप है। जैकेट को धोने के बाद उसे कभी भी हाथ से न निचोड़ें, इससे रूई की गांठें बन जाती हैं।
  • जैकेट को ड्रायर में डालते समय उसके साथ 2 से 3 साफ टेनिस बॉल्स डाल दें।
  • जब ड्रायर घूमेगा, तो टेनिस बॉल्स जैकेट पर बजेंगी और अंदर की रूई को एक जगह जमा होने से रोकेंगी।

इससे जैकेट सूखने के बाद वापस फूली हुई और सॉफ्ट निकलेगी। अगर आप धूप में सुखा रहे हैं, तो उसे समतल जगह पर फैलाएं और बीच-बीच में हाथ से थपथपाते रहें।

इन 5 आसान तरीकों (How To Wash Puffer Jacket) को अपनाकर आप बिना किसी डर के अपनी पफर जैकेट घर पर धो सकते हैं। इससे न केवल आपके पैसे बचेंगे, बल्कि आपकी पसंदीदा जैकेट सालों-साल नई जैसी बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *