अतीक अहमद सहित कई माफिया का साम्राज्य किया ध्वस्त, ये हैं DIG शैलेश पांडेय; मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित

 लखनऊ में आयोजित पदक अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीपीजी राजीव कृष्ण की मौजूदगी में डीआईजी आगरा परिक्षेत्र व कमिश्नरेट की महिला सिपाही को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक देकर सम्मानित किया। डीआईजी को यह पदक अलग-अलग जिलों में सेवाकाल के दौरान अपराध व माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के लिए दिया गया है। महिला सिपाही को कुश्ती एशियन चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतने पर पदक दिया गया।

डीआईजी और महिला सिपाही को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित

आईपीएस अधिकारी डीआईजी आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक वर्ष 2023 के लिए दिया गया। डीआइजी के रूप में तैनाती से पहले वह मथुरा में एसएसपी के पद पर तैनात थे। यहां उन्होंने कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। उनकी 75 करोड़ रुपये की संपत्ति को पुलिस ने कुर्क किया था।

मथुरा में ही गोतस्कर मुज्जफर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 80 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। प्रयागराज, अयोध्या, बरेली में तैनाती के दौरान उन्होंने अपराध और माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। प्रयागराज में अतीक अहमद की 300 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कराई थी। इसके साथ ही अन्य माफियाओं पर भी कार्रवाई की गई। आगरा कमिश्नरेट में तैनात महिला प्रियांशी प्रजापति को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक देकर सम्मानित किया।

महिला सिपाही ने कुश्ती में जीता था गोल्ड मेडल

मध्य प्रदेश के उज्जैन के नामदारपुरा गौतम मार्ग निवासी प्रियांशी वर्ष 2023 बैच की सिपाही हैं। वर्तमान में वह पुलिस लाइन में तैनात हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार वियतनाम में इसी वर्ष 16 से 21 जून तक आयोजित हुई कुश्ती एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल करने पर दिया गया।

प्रियांशी ने बताया कि वह फिजिकल एजुकेशन से ग्रेजुएट हैं। पिता मुकेश प्रजापति उज्जैन में प्रापटी डीलर हैं। मां संगीता प्रजापति गृहिणी हैं। तीन बहनों में वह छोटी हैं। उनसे छोटा एक भाई भी है। बड़ी बहन नुपुर प्रजापति भी आगरा कमिश्नरेट में तैनात हैं। वह भी वर्ष 2023 बैच की सिपाही हैं। बड़ी बहन नुपुर प्रजापति नेशनल रेसलिंग में सिल्वर व ब्रांज मेडल जीत चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *