गर्मियों के मौसम में फ्रिज के ठंडे पानी की जगह मटके का पानी पीना सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। मटका प्राकृतिक तरीके से पानी को ठंडा रखता है और उसका pH बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करता है।
लेकिन अगर मटके के रख-रखाव में लापरवाही बरती जाए, तो यही पानी आपको बीमार भी बना सकता है। इसलिए मटके को सही तरीके से साफ करना जरूरी है। आइए जानें मटके को साफ रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
नए मटके को साफ करने का सही तरीका
- जब आप बाजार से नया मटका लाते हैं, तो उसे सीधे इस्तेमाल न करें।
- सबसे पहले मटके को कम से कम 5-6 घंटे के लिए साफ पानी से भरे टब में डुबोकर रखें। इससे मटके की मिट्टी पूरी तरह हाइड्रेट हो जाती है और बाद में पानी लीक नहीं होगा।
- इसके बाद मटके को हाथों या किसी मुलायम ब्रश से रगड़कर धोएं और थोड़ी देर धूप में सुखाएं।
- जब मटका अच्छी तरह सूख जाए, तभी इसमें पानी भरें।
नियमित सफाई है जरूरी
मटके में पानी लंबे समय तक जमा रहने से उसकी भीतरी दीवारों पर काई जम सकती है। इसके अलावा, ढक्कन खुला रहने या गंदगी होने पर कीड़ों के लार्वा पनप सकते हैं। इसलिए हर दिन मटका भरने से पहले उसका पुराना पानी पूरी तरह निकाल दें और मटके को खंगालकर ही नया पानी भरें।
