पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर भूचाल मच गया है। इस समय खेली जा रही पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में बॉल टेम्परिंग का मुद्दा गहरा गया है और एक बल्लेबाज को इसी कारण बैन भी कर दिया गया है। इस बल्लेबाज का नाम है फखर जमां।
फखर पर पीएसएल में दो मैचों का बैन लगाया गया है। उन्हें एक मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया है। ये मामला लाहौर कंलदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच का है। पीसीबी ने बयान जारी कर उन पर बैन लगाने का जानकारी दी है।
पीसीबी के नियमों का उल्लंघन
पीसीबी ने बयान में बताया है, “फखर जमां को पीएसएल के दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है। उनको लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच में अनुच्छेद 2.14 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। मैच रेफरी रोशन महानामा ने उनके खिलाफ अनुशास्तमक सुनवाई की और सभी सबूतों को देखने के बाद फैसला सुनाया है।”
फखर लाहौर टीम के लिए खेल रहे थे। मैच की दूसरी पारी के दौरान 19वें ओवर के अंत में थोड़ा नाटक हुआ था। आखिरी ओवर में कराची को 14 रनों की जरूरत थी। जमां आखिरी ओवर से पहले हारिश रऊफ और लाहौर के कप्तान शाहीन से बात कर रहे थे। ये तब हुआ था जब अंपायर फैसल अफरीदी ने खिलाड़ियों से गेंद की मांग की।
अंपायर से हुई बात
लाहौर के कप्तान शाहीन अफरीदी और स्क्वायर लेग अंपायर शरफुद्दौला के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद ये पाया गया कि लाहौर के खिलाड़ियों ने जानबूझकर गेंद से छेड़छाड़ की है। इसके बाद उन पर पांच रनों की पेनल्टी लगाई गई और बॉल को भी तुरंत बदला गया। इसके बाद फखर को अब दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है।
