मिस ग्रैंड थाईलैंड का चल रहा था कार्यक्रम, स्टेज पर ही टूट गया कंटेस्टेंट का दांत; और फिर…

 बैंकॉक में आयोजित मिस ग्रैंड थाईलैंड 2026 के प्रीलिमिनरी राउंड के दौरान एक ऐसा पल सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। 18 वर्षीय कंटेस्टेंट कामोलवान चानागो के साथ स्टेज पर एक अजीब घटना हुई, लेकिन जिस आत्मविश्वास और संयम के साथ उन्होंने इसे संभाला, उसने सभी का दिल जीत लिया।

मिस ग्रैंड थाईलैंड 2026 में कुल 77 कंटेस्टेंट्स हिस्सा ले रही हैं, जो नेशनल टाइटल के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इस प्रतियोगिता की विजेता इस साल अक्टूबर में भारत में होने वाले मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2026 में थाईलैंड का प्रतिनिधित्व करेगी।

परिचय के दौरान हुआ अचानक हादसा

बुधवार को बैंकॉक में हुए इस इवेंट में कामोलवान अपने परिचय के बीच थीं, तभी अचानक उनके नकली दांतों की परत ढीले होकर खिसक गए। इस वजह से कुछ क्षणों के लिए उनकी आवाज और शब्द स्पष्ट नहीं सुनाई दिए।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इस स्थिति में कोई भी घबरा सकता था, लेकिन कामोलवान ने बेहद शांत रहते हुए स्थिति को संभाला।

समझदारी और आत्मविश्वास से जीता दिल

इस मुश्किल पल में स्टेज छोड़ने के बजाय कामोलवान ने कैमरों से हल्का सा मुंह फेरकर अपने डेंटल वेनियर्स ठीक किए और फिर ऐसे अपनी प्रस्तुति जारी रखी, मानो कुछ हुआ ही न हो।

ग्लिटरिंग पिंक गाउन और फर शॉल में सजी कामोलवान ने न सिर्फ अपना इंट्रोडक्शन पूरा किया, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ वॉक भी की। उन्होंने अंत में एक खूबसूरत टू-पार्ट ट्वर्ल भी किया, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

यह पूरा वाकया लाइव ऑडियंस के सामने हुआ और जल्द ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लाखों व्यूज के साथ लोग इस घटना पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कुछ लोगों ने उनके लिए सहानुभूति जताई, तो कई ने उनके प्रोफेशनलिज्म की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि बेचारी, मुझे उसके लिए बहुत बुरा लग रहा है, उम्मीद है उसके साथी कंटेस्टेंट्स ने उसे संभाला होगा। वहीं दूसरे ने कहा कि उसने जिस तरह से स्थिति को संभाला, वह काबिल-ए-तारीफ है।

बहस भी छिड़ी, कुछ ने उठाए सवाल

जहां एक तरफ कामोलवान की तारीफ हो रही है, वहीं कुछ लोगों ने इस घटना को लेकर बहस भी छेड़ दी। एक यूजर ने लिखा कि ऐसी घटनाओं को जीत का पैमाना नहीं बनाना चाहिए, वरना भविष्य में लोग जानबूझकर ऐसे स्टंट कर सकते हैं।

कुछ लोगों ने तो ब्यूटी पेजेंट्स की प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाए और कहा कि अब ऐसे कॉम्पिटिशन खत्म होने चाहिए।

आयोजकों ने दिया बयान

मिस ग्रैंड इंटरनेशनल के प्रवक्ता ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्टेज पर परिचय के दौरान कामोलवान के साथ एक छोटा और अप्रत्याशित हादसा हुआ था, जब उनके वेनियर्स ढीले हो गए।

उन्होंने आगे कहा कि कामोलवान ने इस स्थिति को बेहद प्रोफेशनल तरीके से संभाला और पूरा इवेंट बिना किसी रुकावट के जारी रहा। हमें उनके आत्मविश्वास और स्टेज प्रेजेंस पर गर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *