3800 से अधिक पदों पर भर्ती और 40 हजार तक सैलरी, आगरा आंबेडकर विवि में 24 को रोजगार मेला

 डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में 24 मार्च को लगने जा रहे रोजगार मेला में साफ्टवेयर डेवलपर से लेकर टेक्नीशियन के पदों पर भर्ती की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से आयोजित किए जा रहे रोजगार मेला में 3800 से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में मेले के पोस्टर का विमोचन किया गया।

10 हजार से लेकर 40500 रुपये प्रति माह का वेतन, 40 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन खंदारी कैंपस के दाऊ दयाल वोकेशनल इंस्टीट्यूट, सेठ पदम चंद जैन संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंसेज एवं स्कूल ऑफ लाइफ साइंस में होगा। यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।

24 मार्च को रोजगार मेला

अभ्यर्थी ऑनलाइन व रोजगार मेला स्थल पर ही ऑफलाइन पंजीकरण कर सीधे साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। कुलसचिव अजय मिश्रा के अनुसार मेले में नौकरी पाले वाले अभ्यर्थियों को न्यूनतम वेतन 10 हजार रुपये प्रति माह से प्रारंभ होकर अधिकतम 40500 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा।

इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा के छात्र छात्राएं हो सकते हैं शामिल

कोऑर्डिनेटर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रोफेसर अनिल गुप्ता के अनुसार इस रोजगार मेले में 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं, जिनके माध्यम से लगभग 3885 छात्रों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रमुख कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, पेटीएम, एचडीएफसी एक्सप्रेस, प्रकाश डीजल, होटल सोरा (रामाडा), एसबीआई इंश्योरेंस, इंडिया मार्ट, रेनबो हॉस्पिटल, प्रेम मोटर्स सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

सहायक निदेशक (सेवायोजन) आगरा मंडल चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि मेले में बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सॉफ्टवेयर डेवलपर, ब्रांच मैनेजर, फैसिलिटी सुपरवाइजर, अकाउंटेंट, टेक्नीशियन एवं सेल्स एसोसिएट पदों पर नौकरी दी जाएगी।

मेले में ये छात्र हो सकते हैं शामिल

मेले में इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा के छात्र शामिल हो सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को आगरा, जयपुर, फरीदाबाद, नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम एवं गाजियाबाद जैसे शहरों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।

इस मौके पर प्लेसमेंट सेल के को- कोऑर्डिनेटर प्रो बृजेश रावत, डॉक्टर रत्ना पांडेय, डॉक्टर मीनाक्षी चौधरी, डॉक्टर मनोज यादव, डॉक्टर श्वेता चौधरी, डॉक्टर अमित साहू, डॉक्टर प्रेरणा मेहता, मनीष दीक्षित, जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *