साहित्य के क्षेत्र में वर्ष 2025 के लिए प्रतिष्ठित ”साहित्य अकादमी पुरस्कारों” की घोषणा कर दी गई है। साहित्य अकादमी की सचिव पल्लवी प्रशांत होल्कर ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि 24 भारतीय भाषाओं के लिए साहित्यकारों को पुरस्कार के लिए चुना गया है। जिसमें कविता- संग्रह, उपन्यास, कहानी, संस्मरण और आत्मकथा जैसी विभिन्न विधाओं को स्थान मिला है।
दिल्ली निवासी हिंदी भाषा की वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को उनके बहुचर्चित संस्मरण ”जीते जी इलाहाबाद” के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, अंग्रेजी साहित्य में ख्यातिप्राप्त लेखक और पूर्व राजनयिक नवतेज सरना को उनके उपन्यास ”क्रिमसन स्प्रिंग” के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इन लेखकों की उपलब्धि से साहित्यिक जगत में खुशी का माहौल है।
31 मार्च को होगा पुरस्कार समारोह
अन्य प्रमुख विजेताओं में मराठी से राजू बाविस्कर (आत्मकथा), संस्कृत से महामहोपाध्याय साधु भद्रेशदास (कविता) और तेलुगु से नंदिनी सिड्डेरेड्डी (कविता) शामिल हैं। इसके अलावा असमीया, गुजराती और उर्दू सहित अन्य भाषाओं के साहित्यकारों को भी उनकी उत्कृष्ट कृतियों के लिए चयनित किया गया है। अकादमी के अनुसार पुरस्कार के लिए चयनित साहित्यकारों को एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार समारोह 31 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
