ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन कार्लोस अलकराज को इंडियन वेल्स के सेमीफाइनल में दानिल मेदवेदेव के हाथों साल की पहली हार मिली। मेदवेदेव ने शीर्ष वरीय अलकराज को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 (3) से पराजित किया। फाइनल में रूस के 11वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मेदवेदेव का मुकाबला इटली के दूसरी वरीयता प्राप्त जानिक सिनर से होगा। सिनर ने एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-2, 6-4 से हराया।
अलकराज ने इससे पहले इस साल लगातार 16 मैच जीते थे, जिनमें ऑस्ट्रेलिन ओपन और कतर ओपन के खिताब शामिल हैं। मेदवेदेव ने इस जीत से अलकराज और सिनर के बीच एक और फाइनल की संभावना को खत्म कर दिया। मेदवेदेव इससे पहले अलकराज के विरुद्ध अपने पिछले चार मुकाबलों में हार गए थे, जिनमें 2024 में इंडियन वेल्स के फाइनल में मिली हार भी शामिल है। मेदवेदेव की 2023 में यूएस ओपन के सेमीफाइनल के बाद यह अलकराज पर पहली जीत है। सिनर ने ज्वेरेव को एक घंटे 23 मिनट में ही हरा दिया।
सिनर ने चौथी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव के विरुद्ध छह ऐस लगाए। सिनर का ज्वेरेव के विरुद्ध रिकार्ड अब 7-4 हो गया है। इस टूर्नामेंट में मेदवेदेव और सिनर दोनों ने ही अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। सिनर ने मेदवेदेव के विरुद्ध अपने पिछले तीन मैच जीते हैं, जिनमें 2024 में यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल की जीत भी शामिल है।
महिला डबल्स में टाउनसेंड-सिनियाकोवा बनीं चैंपियन
इस बीच महिला डबल्स के फाइनल में टेलर टाउनसेंड और कैटरीना सिनियाकोवा ने अन्ना डैनिलिना और एलेक्जेंड्रा क्रुनिक को 7-6 (4), 6-4 से हराया। पुरुष डबल्स के फाइनल में गुइडो एंड्रेओजी और मैनुअल गिनार्ड ने आर्थर रिंडरकनेच और वैलेंटीन वाचेरोट को 7-6 (3), 6-3 से पराजित किया। मिक्स्ड डबल्स में बेलिंडा बेनसिच और फ्लेवियो कोबोली ने शीर्ष वरीयता प्राप्त गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और लायड ग्लासपूल को 6-3 2-6, 10-7 से हराया।
