विश्व चैंपियन डी. गुकेश को शनिवार को टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के विरुद्ध बड़ी चूक कर बाजी को गंवा दिया। गुकेश मुकाबले के दौरान ब्लाइंड स्पॉट में फंस गए और उन्होंने ऐसी गलती कर दी जिससे उबरना काफी मुश्किल था।
शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी को जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम की इसी तरह की चूक का फायदा मिला और वह मुकाबले से आधा अंक निकालने में सफल रहे। नाटकीय घटनाओं से भरे दिन में गुकेश ने गलत चाल चल दी और फिर हार मान ली।
हासिल कर सकते थे ड्रॉ
वह मुकाबले में बने रह कर संभावित ड्रॉ की ओर बढ़ सकते थे। शतरंज में इसे ब्लाइंड स्पॉट कहा जाता है, जब किसी खास क्षण में खिलाड़ी कुछ सेकंड के लिए यह समझ ही नहीं पाता कि बोर्ड पर वास्तव में क्या हो रहा है। ग्रैंडमास्टर बनने के बाद गुकेश के करियर में यह पहली बार हुआ और उनके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि यह आखिरी बार भी साबित हो।
अर्जुन एरिगेसी भी ब्लूबाउम के विरुद्ध लगभग हार की कगार पर पहुंच चुके थे। ब्लूबाउम ने इस साल के अंत में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर सबको चौंकाया था। किस्मत ने अर्जुन का साथ दिया और ब्लूबाउम भी एक तरह के ब्लाइंड स्पॉट का शिकार हो गए।
खेल का विश्लेषण कर रहे विशेषज्ञों द्वारा बताए गए आसान जीत के क्रम को वह नहीं खोज पाए और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिससे अर्जुन ने राहत की सांस ली।
प्रगनानंद को जीत की तलाश
आर प्रगनानंद की जीत की तलाश भी इस 13 दौर की लंबी प्रतियोगिता के मध्य चरण में जारी रही। भारतीय खिलाड़ी को हाल ही में फॉर्म में लौटे स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव ने ड्रॉ पर रोक दिया। उज्बेकिस्तान के विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव भी इस बार जटिल स्थितियों को अपने पक्ष में नहीं मोड़ सके और छठे दौर के एक अन्य अहम मुकाबले में अरविंद चिदंबरम ने उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया।
प्रतियोगिता में अभी सात दौर शेष हैं और अब्दुसत्तोरोव 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर मजबूती से बने हुए हैं। उनके बाद सिंदारोव चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के हांस मोके नीमन और जर्मनी के विन्सेंट कीमर 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। गुकेश और अर्जुन समेत कई खिलाड़ी उनके ठीक पीछे हैं।
