Agra SIR Controversy: सपा ने BLO पर गड़बड़ी का लगाया आरोप, CEO से शिकायत

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची में सामने आई कथित अनियमितताओं को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर प्रमुख मुद्दा बना दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आगरा के छावनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मामलों को गंभीर बताते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से औपचारिक शिकायत की है और जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन के जरिए उठाए गंभीर सवाल

सपा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि SIR अभियान के दौरान संबंधित बीएलओ ने लापरवाही बरती, जिसके चलते कई मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बने हुए हैं। वहीं, ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए गए जिन्होंने सभी आवश्यक प्रपत्र भरकर विधिवत रिसीविंग ली थी। इसके अलावा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची में जस के तस रहने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

पूर्व प्रत्याशी ने उजागर की बूथ स्तर की गड़बड़ी

आगरा छावनी विधानसभा से सपा की पूर्व प्रत्याशी ममता टपलू ने शुक्रवार को जिला प्रशासन से लिखित शिकायत की थी। उनके अनुसार बूथ संख्या 317 पर क्रम संख्या 364, 367, 373, 374 और 381 पर दर्ज सविता, नारायण, शांति देवी, शीला देवी और प्रताप सिंह जैसे मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके नाम अब भी सूची में मौजूद हैं।

डुप्लीकेट एंट्री का भी आरोप

ममता टपलू ने यह भी बताया कि बूथ संख्या 317 के क्रम संख्या 1 पर रामदयाल पुत्र भंताराम का नाम दर्ज है, जबकि बूथ संख्या 318 के क्रम संख्या 366 पर रामदयाल सिंह पुत्र भंताराम के नाम से दोबारा एंट्री पाई गई। इसे स्पष्ट रूप से डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन बताते हुए उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल सुधार की मांग की है।

सपा ने मांगी निष्पक्ष जांच

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने इन मामलों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर बताते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी से स्वतंत्र जांच कराने और दोषी बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ी चुनावी पारदर्शिता पर सीधा असर डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *