आगरा
जब आप किसी से प्यार करने लगे। उसके साथ डेटिंग पर जाने का मन बना चुके हैं। घूमने जाते समय अचानक पकड़े जाने के बाद आपको पता चले कि जिसे आप प्यार करते हैं, वह लड़का नहीं, एक लड़की है तो प्रेमिका के दिल पर क्या बीतेगी। आगरा में अजब प्रेम की गजब कहानी का ऐसा ही किस्सा सामने आया। करीब एक महीने पहले किशोरी की एक किशोर से मुलाकात हुई। वह उससे प्रेम करने लगी। दोनों आपस में बात करने लगे। सोमवार को किशोरी को प्रेमी के साथ डेटिंग पर जाना था। जिसकी भनक किशोरी की बहन को लगने पर उसने घर में शिकायत कर दी। किशोरी को रास्ते में प्रेमी के साथ स्वजन ने पकड़ लिया। उसे लेकर थाने आ गए।
मामला लोहामंडी थाना क्षेत्र का है। किशोरी की मां दूसरों के यहां काम करती है। किशोरी की बस्ती में एक लड़का आता था। वह अक्सर किशोरी की ओर देखता और उससे बात करने का प्रयास करता। किशाेरी ने लड़के की ओर ध्यान नहीं दिया।एक दिन लड़के ने उसके घर के सामने कागज का एक टुकड़ा फेंक दिया। किशोरी ने उसके जाने के बाद कागज उठाकर देखा। जिसमें लड़के का मोबाइल नंबर लिखा था। जिस पर किशोरी ने उसके नंबर पर फोन किया।
जिसके बाद दोनों के बीच आपस में बातचीत होने लगी। एक दूसरे से दोस्ती हो गई। किशोरी उससे प्यार करने लगे। सोमवार को दोनों ने डेटिंग पर जाने का फैसला किया था। दोनों के बीच जिस समय इसकी बातचीत हो रही थी। किशोरी की बहन ने इसे सुन लिया। उसने इसकी जानकारी परिवार के लोगों काे दी। उन्होंने किशोरी को उसके प्रेमी व दोस्त के साथ बीच रास्ते में पकड़ लिया। तीनों को लेकर थाने आ गए।
यहां पर किशोरी ने बताया कि वह लड़के से प्यार करती है। दोनों की उम्र काे देखते हुए उनके स्वजन को थाने पर बुलाया। प्रेमी की मां ने बताया कि वह लड़का नहीं, लड़की है। जब किशोरी को पता चला कि वह जिस दिल दे बैठी है, उसका प्रेमी लड़का नहीं है। वह भी उसी की तरह एक लड़की है तो उसके होश उड़ गए। वह स्वजन और पुलिस के सामने ही प्रेमी बनी लड़की से भिड़ गई। किशोरी का कहना था कि वह उसे धोखा दिया है, प्रेमी ने अपने लड़की होने की बात उससे छिपाई। वह लड़का बनकर उससे प्यार करती रही।