दक्षिण कश्मीर में कभी जमात-ए-इस्लामी के मजबूत गढ़ और आतंकियों के लिए पनाहगाह माने जाने वाले कुलगाम के जंगालपोरा में बुधवार को बदली हुई तस्वीर नजर आई। कभी यहां किसी आतंकी के मारे जाने पर हजारों की भीड़ जुटती थी, सुरक्षा बल की घेराबंदी तोड़ने के लिए हिंसा होती थी और आतंकियों को बचाने के लिए प्रदर्शन किए जाते थे। लेकिन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान न भीड़ जुटी, न पत्थर चले और न ही आतंकियों के समर्थन में कोई एलान या जिहादी नारे गूंजे।मुठभेड़ में मारे गए आतंकी को बचाने के लिए तो दूर, उसके जनाजे में शामिल होने के लिए भी लोग घरों से बाहर नहीं निकले। जो कुछ लोग नजर आए, वे महज घटनाक्रम देखने वाले तमाशबीन थे।
यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जंगालपोरा और आसपास का इलाका अतीत में अलगाववाद और आतंकवाद की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।
आतंकी के जनाजे में जुटे थे 20 हजार लोग
एक समय ऐसा था, जब इस क्षेत्र में आतंकी खुलेआम घूमते थे और समानांतर सत्ता चलाने जैसा माहौल बनाते थे। आतंकियों की मौजूदगी को स्थानीय स्तर पर मिलने वाला समर्थन सुरक्षा बल के अभियानों को भी चुनौती देता था।
ऐसी एक घटना 24 फरवरी 2004 की है, जब सुरक्षा बल ने मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के डिवीजनल कमांडर और जंगालपोरा के निवासी अब्दुल मजीद भट्ट उर्फ आरिफ खान को मार गिराया था। उस समय मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व वाली पीडीपी-कांग्रेस सरकार सत्ता में थी।
अगले दिन 25 फरवरी को उसके जनाजे में करीब 20 हजार लोग शामिल हुए थे। अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने भी इस जनाजे को संबोधित किया था। इस दौरान आजादी और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी हुई थी।
पाकिस्तानी हैंडल्स की अपील बेअसर
करीब दो दशक बाद उसी इलाके में तस्वीर पूरी तरह बदलती दिखाई दी। सात वर्ष पहले तक दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ मुठभेड़ के दौरान भीड़ जुटाकर सुरक्षाबलों के अभियान में बाधा डालने और आतंकियों को भागने में मदद करने की कोशिशें आम थीं।
इस बार पाकिस्तान से संचालित इंटरनेट मीडिया हैंडल्स के जरिए भी कथित तौर पर स्थानीय लोगों को लामबंद करने की कोशिश हुई, लेकिन इसका कोई असर नजर नहीं आया।
अब आतंकियों को कश्मीर में हिंसा का माना जाता है जिम्मेदार
कश्मीर मामलों के जानकार रमीज मखदूमी ने कहा कि कुलगाम में हमने आतंकियों को अपने मारे गए साथियों के जनाजे में हवा में गोलियां दाग उन्हें सलामी देते हुए देखा है। एक बार जंगालपोरा से कुछ ही दूरी पर स्थित खांडेपोरा और बुगाम के लोगों के बीच पाकिस्तानी आतंकी अबु कासिम के शव को लेकर मारपीट हुई थी, दोनों गांवों के लोग उसे अपने गांव के कब्रिस्तान में दफनाना चाहते थे।
इसलिए जंगालपोरा में बुधवार की खामोशी यही संदेश देती है कि आतंकियों को संरक्षण देने वालों के बीच अब आतंकवाद और आतंकियों की सामाजिक स्वीकार्यता पहले जैसी नहीं रह गई है। अब आतंकियों को यहां कोई हीरो नहीं मानता, उन्हें खलनायक मानते हैं। उन्हें कश्मीर में हिंसा का जिम्मेदार मानते हैं।







