मुरादाबाद में होमगार्ड जवानों की मुस्तैदी पर जोर, 40 हजार नई भर्ती का एलान

 वर्दी अच्छी हो, ड्यूटी में मुस्तैदी हो और जिम्मेदारी निभाने का जज्बा भी। होमगार्ड जवानों को इसी अंदाज में काम करना होगा। मेहनत करने वालों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि विभाग में हर किसी का काम दिखाई देता है। अच्छे काम को सम्मान भी मिलता है।बुधवार को सर्किट हाउस में डीआइजी संजीव शुक्ला ने होमगार्ड अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कुछ इसी अंदाज में जवानों और अधिकारियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।

बैठक में डीआइजी ने केवल विभागीय आंकड़ों और कागजी व्यवस्थाओं की जानकारी नहीं ली, बल्कि जवानों की तैनाती से लेकर उनकी ड्यूटी, वर्दी और अनुशासन तक पर सवाल किए। अधिकारियों से पूछा कि जवानों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के लिए क्या व्यवस्था है? कानून व्यवस्था बनाए रखने में होमगार्ड की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

चौराहों पर तैनात जवान समय के पाबंद रहें और अच्छी वर्दी पहनकर पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाएं। डीआइजी ने संभल के कर्मचारी जहीरुद्दीन को बेहतर कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। जिला कमांडेंट मुरादाबाद को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि किसी के काम को कोई देख नहीं रहा है।

विभाग का नेटवर्क बहुत बड़ा है। हर स्तर पर काम दिखाई देता है। इसलिए किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मेहनत और ईमानदारी से काम करते रहें। रास्ते में दिक्कतें आएं तो उनसे लड़ना भी सीखें।

बैठक में मंडलीय कमांडेंट सुधाकराचार्य पांडेय, जिला कमांडेंट मुरादाबाद अभिलेष कुमार सिंह, रामपुर के कमांडेंट कमलेश चौहान, संभल के कमांडेंट विजय कुमार सिंह, बिजनौर के कमांडेंट वेदप्रकाश चपराना सहित कंपनी कमांडर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे

15 साल बाद 40 हजार नए जवानों की भर्ती
डीआइजी संजीव शुक्ला ने कहा कि करीब 15 वर्ष बाद होमगार्ड विभाग में 40 हजार नए स्वयंसेवकों की भर्ती होने जा रही है। इससे विभाग की ताकत बढ़ेगी। चयन प्रक्रिया में योग्य लोगों को अवसर मिला है। प्रदेश में 60 प्रतिशत से अधिक कार्यालय स्थापित हो चुके हैं। बाकी कार्यालय भी जल्द स्थापित किए जाएंगे। हरिद्वार में होने वाले मेले और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।तकनीकी सवालों में अटके कंपनी कमांडर
बैठक में डीआइजी ने होमगार्ड्स कंपनी कमांडरों से तकनीकी सवाल भी पूछे। कई अधिकारी सवालों का जवाब नहीं दे सके। इस पर उन्होंने खुद को अपडेट रखने की नसीहत दी। कहा कि बदलते दौर में नई जानकारियां हासिल करना जरूरी है। जो लोग खुद को अपडेट नहीं करेंगे, वे पीछे रह जाएंगे। उन्होंने व्यवस्थित जीवनशैली अपनाने और अपने साथ परिवार की सेहत का भी ध्यान रखने की सलाह दी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img