ईरान ने आसमान में अमेरिका का एक और F-35 फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया है। ईरान की सेमी-ऑफिशियल मेहर न्यूज एजेंसी ने यह भी कहा कि गंभीर चोटों के कारण पायलट के बचने की संभावना कम है।
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से इस दावे की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। अगर ईरान के ये ताजा दावे सही साबित होते हैं, तो इसे ईरान की ओर से एक बड़ा जवाबी हमला माना जाएगा।
IRGC का बयान
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें कथित तौर पर एक मिसाइल को हवा में ही विमान से टकराते हुए दिखाया गया था। IRGC ने उस समय कहा कि अमेरिकी सेना का F-35 रणनीतिक फाइटर जेट आज सुबह 2:50 बजे मध्य ईरान के आसमान में IRGC के एडवांस्ड आधुनिक एयरोस्पेस डिफेंस सिस्टम की चपेट में आ गया और उसे गंभीर नुकसान पहुंचा।
F-35 अमेरिका के सबसे एडवांस्ड स्टेल्थ फाइटर जेट्स में से एक है, जो रडार की पकड़ से बचने और भारी सुरक्षा वाले हवाई क्षेत्र में भी प्रभावी ढंग से ऑपरेट करने में सक्षम है। ऐसे विमान को नुकसान पहुंचाना अमेरिका के स्टेल्थ वर्चस्व के दावे को कमजोर कर सकता है।
दो हफ्ते में दूसरा दावा
यह दावा तब आया है जब लगभग दो हफ्ते पहले ईरान ने कहा था कि उसने अमेरिका के एक F-35 लाइटनिंग II विमान को निशाना बनाया था। यह विमान अमेरिका के सबसे महंगे और उन्नत विमानों में से एक है तथा पांचवीं पीढ़ी की युद्ध क्षमताओं की रीढ़ माना जाता है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया था कि यह पांचवीं पीढ़ी का स्टेल्थ जेट ईरान के ऊपर एक कॉम्बैट मिशन पर था, जब उसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हॉकिन्स ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और पायलट की हालत स्थिर है।
