अमेलिया केर की कप्तानी में न्यूजीलैंड महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने निर्धारित 50 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 346 रन बनाए। इसके जवाब में 2 गेंद बाकी रहते हुए न्यूजीलैंड महिला टीम ने लक्ष्य हासिल किया और दो विकेट से ये मैच अपने नाम भी।
इस मैच में मिली जीत के साथ ही न्यूजीलैंड महिला टीम ने इतिहास रच दिया। ये महिला क्रिकेट टीम के वनडे इतिहास की सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड (Highest Successful Run Chase in Women’s Odi History) बन गया है, जो न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया। इस दौरान भारतीय महिला टीम का रिकॉर्ड धवस्त हो गया है।
NZ W vs SA W: न्यूजीलैंड महिला टीम ने जीता दूसरा वनडे
दरअसल, पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका महिला टीम की ओर से कप्तान लॉरा वोलवार्ड्ट ने 74 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 69 रन बनाए। उनके अलावा ऐनी बॉश ने 90 गेंद पर 91 रन की पारी खेली।
सूने लूस ने 40 रन, जबकि विकेटकीपर सिनालो जाफ्टा ने 37 रन और क्लो ट्राईऑन ने 52 रन की नाबाद पारी खेली। इन पारियों के दम पर न्यूजीलैंड को जीत के लिए 347 रन का लक्ष्य मिला। कीवी टीम की ओर से ब्रियरने इलिंग ने 3 विकेट, जबकि केले नाइट ने दो विकेट लिए। एक विकेट जेस केर के नाम भी रहा।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की महिला टीम की ओर से कप्तान अमेलिया केर ने 139 गेंद पर 23 चौके और 1 छक्का लगाया और 179 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी के दम पर टीम को 8 विकेट के नुकसान पर 350 रन का स्कोर खड़ा करने में मदद मिली। कीवी टीम ने दो गेंद बाकी रहते हुए ये लक्ष्य हासिल किया।
इस जीत के बाद न्यूजीलैंड ने वनडे इतिहास के सबसे सफल रन चेज में से एक को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय महिला टीम के रिकॉर्ड को उन्होंने धराशायी किया। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पिछले साल अक्तूबर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में 339 रन चेज किए थे।
वहीं, इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया है। अब 4 अप्रैल को तीसरा और आखिरी वनडे मैच खेला जाना है, जो कि दोनों टीमों के लिए करो या मरो मैच रहेगा।
अमेलिया केर ने न्यूजीलैंड को दिलाई जीत
अगर मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 11 रन की दरकार थी। अमेलिया कैर, जिन्हें हाल ही में आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर का टैग मिला था, उन्होंने नदीन डी क्लर्क की धुनाई करते हुए 3 चौके लगाए और टीम को ये जीत दिलाई। नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए अमेलिया ने 90 गेंद पर अपने करियर का पांचवां शतक जड़ा और अंत तक वह नाबाद रहीं।
