साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म पेड्डी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस बीच राम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पेड्डी के एक एक्शन सीक्वेंस को शूट करते वक्त राम चरण घायल हो गए हैं और उनकी आंख के पास चोट आई है।
इस मामले की जानकारी राम चरण की टीम की तरफ से दी गई है। जिसमें उनकी इंजरी पर ताजा अपडेट भी साझा किया गया है। पूरा मामला क्या है, आइए जानते हैं-
राम चरण हुए घायल
मौजूदा समय में ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि पेड्डी के सेट पर राम चरण को गंभीर चोट लगी है। अब इस मामले में एक्टर की टीम की तरफ से ऑफिशियल स्टेटमेंट सामने आ गया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार- अभिनेता राम चरण 24 मार्च 2026 को फिल्म पेड्डी के एक एक्शन सीन की शूटिंग कर रहे थे, उस दौरान एक घटना घटी और उन्हें चोट लग गई।
उन्हें चार टांके लगे हैं और यह भी साफ किया कि कुछ रिपोर्ट्स के उलट, चोट उनकी आंख पर नहीं, बल्कि आंख के ऊपर लगी थी। उनकी आंख बिल्कुल ठीक है और उन्होंने काम फिर से शुरू कर दिया है, क्योंकि यह सिर्फ एक मामूली चोट थी और इसमें चिंता की कोई बात नहीं है।
इस तरह से राम चरण की इंजरी पर लेटेस्ट अपडेट सामने आया है। हालांकि, इस खबर ने राम चरण के चाहने वालों की चिंता को बढ़ा दिया है और वे अभिनेता के जल्द से जल्द एकदम ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। मालूम हो कि राम की फिल्म पेड्डी एक स्पोर्ट्स ड्रामा मूवी है, जिसमें धमाकेदार एक्शन भी देखने को मिलेगा।
कब रिलीज होगी पेड्डी
राम चरण की आने वाली फिल्म पेड्डी का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। साउथ सिनेमा के लोकप्रिय निर्देशक बुची बाबू ने इसका निर्देशन किया और स्क्रीनप्ले भी खुद लिखा है। राम के साथ इस मूुवी में आपको बी टाउन एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर लीड रोल प्ले करती हुईं नजर आएंगी। गौर किया जाए इसकी रिलीज डेट की तरफ तो 30 अप्रैल 2026 को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
