जब अरिजीत सिंह (Arijit Singh) ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया तो न केवल म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा, बल्कि उनके चाहने वालों के बीच भी मायूसी छा गई थी।
म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कई सिंगर्स ने अरिजीत सिंह का सपोर्ट भी किया जिनमें से एक श्रेया घोषाल (Shreya Ghoshal) भी हैं। श्रेया म्यूजिक को लेकर हमेशा वोकल रही हैं। उन्होंने हमेशा सिंगर्स पर पड़ने वाले भार और लिप सिंक के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। हाल ही में श्रेया ने ब्रेक लेने को लेकर बात की।
लिप-सिंक के खिलाफ हैं श्रेया घोषाल
श्रेया घोषाल ने एक हालिया इंटरव्यू में बताया कि वह स्टेज पर लिप-सिंक के दबाव से तंग आ गई हैं। उन्होंने बताया कि जिस दिन उन्हें यह करना पड़ा, वो इसे छोड़ देंगी। उन्होंने एबीपी के साथ बातचीत में कहा, “मैं उस चीज (स्टेज पर लिप-सिंकग) को लेकर कंफर्टेबल नहीं हूं। जिस दिन मुझे यह करना पड़ा, उस दिन मैं गाना छोड़ दूंगी।” श्रेया घोषाल ने कहा कि वह तब तक स्टेज पर ऑडियंस के लिए लाइव परफॉर्मेंस करेंगी, जब तक उनकी आवाज साथ देगी।
अरिजीत की तरह ब्रेक लेंगी श्रेया घोषाल?
श्रेया घोषाल ने अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के फैसले की तारीफ की और बताया कि कभी-कभी उन्हें भी ऐसा ही लगता है। सिंगर बोलीं, “मुझे भी कभी-कभी ब्रेक लेने का मन करता है। उन्होंने बहुत साहस के साथ यह फैसला लिया। वह अपने दिल से म्यूजिशियन हैं।”
