कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर से अपने यूट्यूब वीडियो को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब के विवादित शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के बंद होने के काफी समय बाद अब दमदार वापसी की है। हाल ही में वह अपना नया शो ‘स्टिल अलाइव’ लेकर आए हैं, जिसमें उन्होंने अपने आलोचकों पर जमकर अपनी भड़ास निकाली है।
समय रैना ने कॉमेडियन सुनील पाल की खिल्ली उड़ाने के साथ-साथ ‘शक्तिमान’ फेम दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना पर भी अपने वीडियो में जमकर निशाना साधा है।
‘तू किस हक से नैतिकता का पाठ पढ़ा रहा है’- समय रैना
समय रैना ने शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के बंद होने के बाद अपने मुश्किल समय के बारे में बात करते हुए बताया कि उस वक्त सब उन पर बरस रहे थे। मुकेश खन्ना पर निशाना साधते हुए समय रैना (Samay Raina) ने कहा, “उस समय वे सभी लोग लाइमलाइट लेने के लिए आ गए थे, जिनका उस मामले से कोई लेना-देना नहीं था और उस समय वे चल भी नहीं रहे थे। ‘शक्तिमान’ आ गया था यार…शक्तिमान से कैसे लड़ेंगे? ‘सॉरी शक्तिमान’, वो कह रहा था कि मेरे कंटेंट का बच्चों पर क्या असर पड़ेगा।”
समय ने आगे कहा, “मुझे नहीं पता आप लोगों ने कितना शक्तिमान देखा है, लेकिन उस समय याद हो तो न्यूज आती थी कि बच्चा शक्तिमान को देखकर छत से कूद गया है। तूने तो बच्चे मारे हैं, तू क्या नैतिकता का पाठ पढ़ा रहा है।”
समय रैना ने बी-प्राक पर भी साधा निशाना
दरअसल, जब ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का विवाद गरमाया था, तो उस समय सिंगर बी-प्राक ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि वह अब कभी भी रणवीर अलाहाबादिया के पॉडकास्ट में नहीं जाएंगे। इसके जवाब में समय रैना ने अपने शो में तंज कसते हुए कहा, “ये क्या बात हुई कि मैं अब पॉडकास्ट में नहीं आऊंगा।”
मुकेश खन्ना ने की थी कड़ी सजा की मांग
जिन्हें इस विवाद के बारे में नहीं पता, उन्हें बता दें कि यह पूरा बवाल फरवरी 2025 में शुरू हुआ था। ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के एक एपिसोड में रणवीर अलाहाबादिया ने अपने माता-पिता के निजी संबंधों के बारे में कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता मुकेश खन्ना ने इसे वाहियात बताया था और कहा था कि इस तरह के व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अभिनेता ने यहां तक कह दिया था कि ऐसे घटिया वीडियो बनाने वालों का मुंह काला करके उन्हें गधे पर बिठाकर पूरे शहर में घुमाना चाहिए।
