फिल्म धुरंधर 2 की वजह से कई फिल्मों ने अपनी रिलीज डेट को बदल दिया। जिस तरह से रणवीर सिंह की धुरंदर फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर रही है, उसको मद्देनजर रखते हुए कोई भी फिल्ममेकर्स इसके सामने अपनी फिल्म को रिलीज करने की कोशिश भी नहीं कर रहा है।
लेकिन बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार इससे थोड़ा अलग सोच रखते हैं। क्योंकि धुरंधर की रिलीज के 21 दिन बाद ही उनकी मोस्ट अवेटेड मूवी भूत बंगला सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। धुरंधर 2 संग अपनी हॉरर कॉमेडी के क्लैश को लेकर अक्की ने खुलकर बात की है।
धुरंधर 2 से मुकाबले पर बोले अक्षय
हाल ही में अक्षय कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को एक लेटेस्ट इंटरव्यू दिया है। इस दौरान उन्होंने धुरंधर 2 संग अपनी आगामी फिल्म भूत बंगला के क्लैश को लेकर भी बात की है और कहा है-
तुलना की जाए हमारी फिल्म और धुरंधर द रिवेंज के बीच तो उनकी फिल्म एक दर्शक वर्ग के लिए जिसमें एक्शन को अलग लेवल पर दिखाया गया है और वह एक एडल्ट फिल्म है।जबकि हमारी फिल्म (भूत बंगला) एक पारिवारिक फिल्म है, जिसे आप अपनी फैमिली के साथ देख सकते हैं।
इसके अलावा अक्षय कुमार ने धुरंधर 2 की बॉक्स ऑफिस सफलता पर रिएक्ट करते हुए कहा है- बड़ा अच्छा लगता है कि जब कोई फिल्म इस तरह से बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्मेंस करती हुई नजर आती है। मुझे इस बात की काफी खुशी है। इसने भारतीय सिनेमा को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है, जो कि बहुत उत्साहजनक है। जहां तक सवाल इससे क्लैश का है तो आमतौर पर 21 दिन का समय काफी होता है।
इस तरह से अक्षय कुमार ने धुरंधर 2 की कमर्शियल सक्सेस और बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कब रिलीज होगी भूत बंगला
करीब 14 साल के लंबे इंतजार के बाद अक्षय कुमार निर्देशक प्रियदर्शन संग वापसी कर रहे हैं। 10 अप्रैल 2026 को हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के टीजर को देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट काफी हाई है और हर कोई इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा है। अक्षय के साथ इस मूवी में तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल जैसे कलाकार नजर आएंगे।
